जयहरीखाल। क्षेत्र पंचायत सदस्यों की बैठक में पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा, उद्यान, कृषि और राजस्व संबंधी मुद्दे छाए रहे। अधिकतर विभागीय अधिकारियों के नहीं पहुंचने पर जनप्रतिनिधियों ने रोष प्रकट किया।
बृहस्पतिवार को ब्लाक सभागार में ब्लाक प्रमुख पप्पू देवी की अध्यक्षता में आयोजित बीडीसी बैठक में राजस्व विभाग से संबधित समस्याओं के समाधान नहीं होने पर जनप्रतिनिधियों ने नाराजगी जताई। प्रधान नैग्याणा राम सिंह रावत ने कहा की आपदा प्रबंधन को लेकर प्रतिवर्ष विभाग द्वारा तय किए गए कार्यक्रम औपचारिकता तक ही सिमट कर रह जाते हैं। ग्राम प्रधान जयहरीखाल और प्रधान संघ के अध्यक्ष हरीमोहन सिंह रावत ने लोनिवि के समक्ष समस्या रखते हुए कहा की क्षेत्र में कई जगह सड़कों के किनारे नालियां बंद पड़ी है। उन्होंने बाल विकास परियोजना पौड़ी पर आरोप लगाते हुए कहा कि वर्ष 2016 मेें ब्लाक के अंतगर्त आंगनबाड़ी सहायिकाओं की चयन हुआ था, जिनका दो वर्ष बीत जाने के बाद भी विभाग द्वारा अनुमोदन नहीं किया गया है। ग्राम प्रधान जड़ियाना सुमन लता ने आशा कार्यकत्रियों द्वारा किए जा रहे कार्य में लापरवाही बरते जाने का मामला उठाया। क्षेत्र पंचायत सदस्य मनमोहन रौतेला ने जल निगम और जल संस्थान द्वारा क्षेत्र में संचालित पेयजल योजनाओं की स्थिति के विषय में जानकारी उपलब्ध कराने को कहा। उन्होंने नाराजगी जताते हुए कहा कि बार-बार बीडीसी बैठकों में शिकायत करने के बाद भी अधिकारी समस्याओं के समाधान को लेकर गंभीर नहीं होते हैं, जिसका खामियाजा लोगों को भुगतना पड़ता है। बैठक में ज्येष्ठ उपप्रमुख उदय सिंह, एडीओ ग्राम पंचायत चंद्र शेखर आदि मौजूद थे।
.
- फोटो-
जारी-