सतपुली। सतपुली बाजार और नगर पंचायत क्षेत्र में पिछले दस दिन से पेयजल संकट गहरा गया है। समस्या को लेकर ग्रामीणों ने तहसील पहुंचकर शासन और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। इस मौके पर जिलाधिकारी सुशील कुमार ने जल संस्थान को लोगों की पेयजल किल्लत को 24 घंटे के भीतर दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
पिछले दस दिन से कस्बे में पेयजल संकट पर मंगलवार को आखिरकार ग्रामीणों का धैर्य जवाब दे गया। लोगों को जानकारी मिली कि जिलाधिकारी सुशील कुमार तहसील दिवस के लिए सतपुली पहुंचे हैं। उन्होंने उनके समक्ष पेयजल की समस्या उठाने का निर्णय लिया। पेयजल किल्लत से जूझ रहे ग्रामीण बड़ी संख्या में तहसील में पहुंचे और वहां पर शासन, प्रशासन और विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी के समक्ष आए दिन की पेयजल किल्लत की समस्या रखी और ज्ञापन भी सौंपा। लोगों ने पेयजल किल्लत के लिए जल संस्थान सतपुली में कार्यरत कर्मचारियों को दोषी ठहराते हुए उनका तबादला करने और पेयजल संकट को दूर करने की मांग की। आक्रोशित ग्रामीणों ने मौके पर मौजूद जल संस्थान के कर्मचारियों को भी खूब खरी-खोटी सुनाई। जिलाधिकारी ने 24 घंटे के भीतर कस्बे की पेयजल व्यवस्था को सुचारु करने के निर्देश दिए। प्रदर्शन करने वालों में व्यापार मंडल अध्यक्ष थानेश्वर कुकरेती, वरिष्ठ भाजपा नेता वेद प्रकाश वर्मा, त्रिलोक सिंह नेगी, कुसुम खंतवाल, इंदु जुयाल, चंद्रकला आर्य, तीरथ सिंह रावत, महेंद्र ध्यानी व विनोद घिल्डियाल समेत दर्जनों ग्रामीण मौजूद थे। डीएम के निर्देश पर मंगलवार शाम को जल संस्थान ने बाजार क्षेत्र में टैंकर से पानी बंटवाया, जिससे लोगों को थोड़ी राहत मिली।
-फोटो