कोटद्वार। बलूनी पब्लिक स्कूल के छात्रों ने अंडर-19 राष्ट्रीय फुटबाल प्रतियोगिता में फाइनल मैच जीत कर अपने स्कूल और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। देहरादून से मैच जीतकर पहुंची टीम का विद्यालय प्रबंधन ने गर्मजोशी के साथ स्वागत किया।
भारतीय खेल संघ द्वारा विगत 11 नवंबर से परेड ग्राउंड देहरादून में अंडर-19 राष्ट्रीय फुटबाल प्रतियोेगिता का आयोजन किया गया था। इसमें मोटाढांक तल्ला स्थित बलूनी पब्लिक स्कूल की टीम ने उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व किया था। लगातार तीन मैच जीतने के बाद फाइनल में उत्तराखंड की टीम को हराकर बलूनी स्कूल प्रतियोगिता की चैंपियन बनी।
विजेता ट्रॉफी के साथ विद्यालय पहुंचने पर खिलाड़ी हर्ष रावत, नवीन रावत, मिलन जदली, सुमित द्विवेदी, ओम बहुगुणा, सरदेश लखेड़ा, पारष गुसाईं,, अंशुमन सिंह रावत, अमन काला, अर्पण नेगी व अमन आदि छात्रों का विद्यालय के शिक्षकों ने स्वागत किया। बलूनी क्लासेज की डायरेक्टर अभिलाषा भारद्वाज ने सभी खिलाड़ियों को सम्मानित किया। इस अवसर पर स्कूल स्टाफ और छात्र- छात्राएं मौजूद रहे।
- फोटो