कोटद्वार। नगर निगम के विरोध में उत्तराखंड क्रांति दल का धरना-प्रदर्शन नौवें दिन भी जारी रहा। यूकेडी कार्यकर्ताओं ने सरकार से जनभावनाओं का सम्मान करते हुए शीघ्र नगर निगम के शासनादेश को वापस लेने की मांग की है। ऐसा नहीं होने पर उन्होंने जन आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी है। साथ ही नगर पालिका के विकास मॉडल मोटर नगर के गड्ढे में सोमवार को धरना प्रदर्शन करने का निर्णय लिया गया।
रविवार को यूकेडी कार्यकर्ता तहसील में एकत्र हुए। उन्होंने प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी के साथ प्रदर्शन किया। इस अवसर पर आयोजित सभा में वक्ताओं ने सरकार पर जनविरोधी नीतियों को लागू करने का आरोप लगाया। कहा कि जिस जनता ने भाजपा को चुनकर प्रदेश की बागडोर सौंपी, वही सरकार अब जनता को नगर निगम बनाकर टैक्स के बोझ तले दबाना चाहती है। अगर नगर निगम का निर्णय वापस नहीं लिया गया तो आने वाले लोक सभा चुनाव में ग्रामीण जनता इसका बदला लेगी। उन्होंने क्षेत्र के ग्रामीण जनता और जनप्रतिनिधियों से नगर निगम के विरोध में आगे आने की अपील की।
इस अवसर पर पार्टी संरक्षक डा. शक्तिशैल कपरवाण, जगदीपक सिंह रावत, रमेश कोठारी, नंदन सिंह रावत, गोपाल सिंह गुसाईं, देवेंद्र सिंह रावत, राकेश बिष्ट, महेंद्र सिंह रावत, जेपी बलूनी, हरीश द्विवेदी, सुनील सेमवाल, राजकुमार गुप्ता, तेजपाल सिंह पटवाल, मनोहर रावत व पुष्कर रावत आदि मौजूद थे।