कोटद्वार। पुलवामा की आतंकी घटना के विरोध में शुक्रवार को पूर्व सैनिकों, विश्व हिंदू परिषद व अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद समेत कई संगठनों के लोग सड़कों पर उतर गए। इन संगठनों ने पाकिस्तान का पुतला फूंककर प्रदर्शन किया और प्रधानमंत्री को ज्ञापन भेजकर पाकिस्तान को मुंह तोड़ जवाब देने के लिए हमले का बदला हमला से देने की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने हमें सर्जिकल स्ट्राइक नहीं, हमला चाहिए, निंदा नहीं, एक भी आतंकी जिंदा नहीं चाहिए, जैसे नारे लगाकर आक्रोश जताया।
शुक्रवार को पूर्व सैनिक, अर्द्ध सैनिक एवं सामाजिक संगठनों से जुड़े पूर्व सैनिक हिंदू पंचायती धर्मशाला में एकत्र हुए। यहां से वे जुलूस की शक्ल में नगर के मुख्य मार्गों से होते हुए तहसील पहुंचे। तहसील में हुई सभा में संगठन के संरक्षक धीरेंद्र चौहान ने कहा कि सभी दलों को दलगत राजनीति से ऊपर उठकर देश के लिए काम करना होगा। उन्होंने कहा कि अब सर्जिकल स्ट्राइक से काम नहीं चलने वाला है।
सीआरपीएफ के पूर्व डीआईजी जयेंद्र नेगी ने कश्मीर पुलिस की इंटेलीजेंस को विफल करार दिया। इस मौके पर मुख्य प्रशासनिक अधिकारी के माध्यम से प्रधानमंत्री को ज्ञापन प्रेषित भी किया गया। ज्ञापन देने वालों में संगठन के अध्यक्ष आनंदबल्लभ घिल्डियाल, श्रीधर प्रसाद केष्टवाल, संजय तिवाड़ी, दिवाकर लखेड़ा, रामचरण भारद्वाज, विजय सिंह गुसाईं, देवेंद्र सिंह व ऊषा सजवाण आदि शामिल रहे।
दूसरी ओर अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद ने पाकिस्तान मुर्दाबाद के नारों के साथ नगर में प्रदर्शन किया। इस मौके पर झंडाचौक में पाकिस्तान का पुतला फूंका गया। पुतला दहन करने वालों में प्रदेश उपाध्यक्ष संदीप डबराल, जिला महामंत्री अशोक भारद्वाज, कपिल राजपूत, सतेंद्र रावत, संजय गोदियाल आदि शामिल रहे।
विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं ने झंडाचौक में पाकिस्तान के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पुतला दहन किया। इस मौके पर संजय थपलियाल, प्रवीण भाटिया, पूनम खंतवाल, सुमित सिंघल, सेवकराम मनूजा आदि मौजूद रहे। उधर, पूर्व सैनिक सेवा परिषद गढ़वाल पूर्व सैनिक लीग ने बैठकें आयोजित कर पुलवामा आतंकी हमले में शहीद सीआरपीएफ के जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की। कोतवाली में भी एएसपी प्रदीप राय के नेतृत्व में शहीद जवानों को श्रद्धांजलि दी गई।
-फोटो
कोटद्वार, दुगड्डा, किशनपुर समेत भाबर के सभी बाजार रहे बंद
पुलवामा की घटना के विरोध में व्यापारियों ने जताया आक्रोश, कैंडल मार्च निकाले
अमर उजाला ब्यूरो
कोटद्वार। पुलवामा में सीआरपीएफ के जवानों पर आतंकी हमले के विरोध में शुक्रवार को कोटद्वार के बाजार पूर्ण रूप से बंद रहे। कोटद्वार के साथ ही दुगड्डा, भाबर का दुर्गापुर और किशनपुर बाजार भी बंद रहा। व्यापारियों ने बाजार बंद कराने के साथ ही आक्रोश रैली निकालकर पाकिस्तान का पुतला भी फूंका। पुलवामा की घटना से लोगों में इतना जबर्दस्त आक्रोश दिखा कि उन्होंने शुक्रवार को व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद रखे। कोटद्वार के व्यापार सभा अध्यक्ष राकेश गर्ग व एसआर मनूजा ने बताया कि कई संगठनों की ओर से भले ही बंद का आह्वान किया गया था, लेकिन व्यापारियों ने सीआरपीएफ के शहीदों को श्रद्धांजलि स्वरूप बाजार बंद किए।
मुस्लिम समाज ने फूंका पाकिस्तान का पुतला, विरोध-प्रदर्शन
कोटद्वार। पुलवामा की आतंकी घटना के विरोध में आयोजित धरना-प्रदर्शन में कोटद्वार के मुस्लिम समाज ने जामा मस्जिद के इमाम मौलाना बदरूल इस्लाम अंसारी की अगुवाई में पाकिस्तान के खिलाफ नारेबाजी की और पुतला फूंका। सभी ने एक स्वर से भारत सरकार से आतंकवादियों और इसे शह देने वाले पाकिस्तान को सबक सिखाने की मांग की।
-फोटो
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शहीदों को दी श्रद्धांजलि
कोटद्वार। मेयर हेमलता नेगी और पूर्व काबीना मंत्री सुरेंद्र सिंह नेगी की अगुवाई में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बदरीनाथ मार्ग स्थित कांग्रेस कार्यालय में पुलवामा में सैनिकों की शहादत पर मौन रखते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की। पूर्व काबीना मंत्री सुरेंद्र सिंह नेगी ने कहा कि आतंकवादियों का पनाहगार बने पाकिस्तान को करारा जवाब देने के लिए पूरा देश एकजुट है।
इस मौके पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष डा. चंद्रमोहन खर्कवाल, महानगर अध्यक्ष संजय मित्तल, पार्षद गीता नेगी, प्रदेश सचिव कृष्णा बहुगुणा, आशा चौहान, महिला अध्यक्ष रंजना रावत, महानगर अध्यक्ष शकुंतला चौहान, मीना बछवाण, विजय नारायण सिंह, रमेश खंतवाल, शंकेश्वर प्रसाद सेमवाल, शकील सलमानी, हर्षिता व पूनम डंडरियाल आदि मौजूद रहे।
-फोटो
कैंडल मार्च निकालकर दी पुलवामा के शहीद जवानों को श्रद्धांजलि
अमर उजाला ब्यूरो
कोटद्वार/जयहरीखाल/लैंसडौन। कोटद्वार, लैंसडौन, जयहरीखाल व यमकेश्वर में विभिन्न संगठनों ने शुक्रवार शाम कैंडल मार्च निकालकर कश्मीर के पुलवामा में आतंकी हमले में शहीद हुए सीआरपीएफ के जवानों को श्रद्धांजलि दी। इस मौके पर घायल सैनिकों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की गई।
शुक्रवार को कोटद्वार में विभिन्न कर्मचारी संगठनों के पदाधिकारी बुद्धापार्क में एकत्र हुए, यहां से उन्होंने नगर की मुख्य सड़कों पर कैंडल मार्च निकाला। झंडाचौक पहुंचने पर दो मिनट का मौन रखकर शहीद सीआरपीएफ के जवानों को श्रद्धांजलि दी गई। उधर, जीआईसी कुंभीचौड़ के छात्र-छात्राओं ने कैंडल मार्च निकाला। जयहरीखाल में विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी पंचायत भवन में एकत्र हुए, यहां से उन्होंने जयहरीखाल बाजार तक कैंडल मार्च निकालकर शहीद सीआरपीएफ के जवानों को श्रद्धांजलि दी। इस मौके पर प्रधान संघ के अध्यक्ष हरिमोहन रावत, संपूर्ण सिंह बिष्ट, कर्नल कुलदीप गुसाईं (से.नि.), अजय शंकर ढौंडियाल, नरेश अग्रवाल, शिवचरण सिंह रावत, ताजवर सिंह नेगी, होटल एसोसिएशन जयहरीखाल, लैंसडौन के अध्यक्ष कर्नल एसपीएस रावत (से.नि.), सुनील बख्शी आदि शामिल रहे।
लैंसडौन में विभिन्न संगठनों के लोग धर्मशाला में एकत्र हुए, यहां से उन्होंने नगर में कैंडल मार्च निकाला। गांधी चौक पहुंचने पर दो मिनट का मौन रखकर शहीद जवानों को श्रद्धांजलि दी गई। इस मौके पर मुकेश अग्रवाल, राजेश ध्यानी, राजीव शर्मा, अजय अग्रवाल, छात्रसंघ अध्यक्ष जयहरीखाल आशीष रावत आदि मौजूद रहे।
-फोटो