यमकेश्वर/कोटद्वार। यमकेश्वर तहसील की ग्राम पंचायत रणचूला के कांडा गांव में एक महिला के पुत्र समेत आत्मदाह के मामले में राजस्व पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिए हैं। घटना में अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है।
राजस्व उप निरीक्षक चंद्रमोहन केष्टवाल ने बताया कि बृहस्पतिवार शाम साढ़े तीन बजे यमकेश्वर के ग्राम पंचायत रणचूला के कांडा गांव निवासी योगेश कुमार की पत्नी आरती देवी (22) के अपने छह माह के बेटे सूर्य समेत आत्मदाह की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही तहसीलदार सुरेश डबराल की अगुवाई में राजस्व पुलिस गांव पहुंच गई थी। उन्होंने बताया कि यह उदयपुर वल्ला-6 पटवारी सर्किल पड़ता है। मृतक मां और बेटे का पंचनामा भरकर शुक्रवार को कोटद्वार में उनका पोस्टमार्टम करवाया गया और शव परिजनों को सौंप दिए गए। तहसीलदार सुरेश डबराल ने बताया कि पीड़ित महिला का घर गांव से काफी दूर है। इससे घटना के बारे में ग्रामीण कोई जानकारी नहीं दे सके हैं। परिजनों से हुई पूछताछ में भी आत्मदाह के कारणों का पता नहीं चल सका है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।