कोटद्वार। शिक्षा विभाग की ओर से आयोजित ब्लॉक स्तरीय विज्ञान संगोष्ठी में दुगड्डा ब्लाक के 33 विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने अपनी बौद्धिक क्षमता का परिचय दिया। गुरु राम राय इंटर कालेज दिउला की छात्रा सपना ने विज्ञान संगोष्ठी में बेहतरीन प्रदर्शन कर बाजी मारी।
मंगलवार को राजकीय इंटर कालेज सुखरो में ‘चौथी औद्योगिक क्रांति क्या हम तैयार हैं’ विषय पर आयोजित विज्ञान संगोष्ठी का शुभारंभ खंड शिक्षा अधिकारी सुषमा दास, प्रधानाचार्य रविंद्र रावत, अभिभावक संघ सुखरो के अध्यक्ष डबल सिंह रावत ने किया। संगोष्ठी में प्रतिभागियों ने कहा कि 17वीं शताब्दी में शुरू हुई औद्योगिक क्रांति आज इस मोड़ में पहुंच गई है कि सभी चीजों का डिजिटलाइजेशन हो रहा है। इसी का नतीजा है कि आज हम बायो इंजीनियरिंग, नैनो टेक्नोलॉजी तक पहुंच गए हैं। पहले हम पारंपरिक ऊर्जा का ही प्रयोग करते थे, लेकिन अब हम अक्षय ऊर्जा का इस्तेमाल कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारत में चौथी औद्योगिक क्रांति के लिए सकारात्मक स्थिति है।
इस मौके पर निर्णायकों द्वारा दिए गए अंकों के आधार पर श्री गुरु राम राय इंटर कालेज दिउला (पौखाल) की छात्रा सपना ने प्रथम, राजकीय इंटर कालेज जयदेवपुर की छात्रा प्रियंका जोशी ने द्वितीय और राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नालीखाल की छात्रा शिवानी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इस अवसर पर संयोजिका रश्मि रावत, महेंद्र अग्रवाल, संतोष नेगी, दर्शन सिंह रावत, यतेंद्र सिंह कोहली, संगीता देवी, कल्पेश्वरी देवी व ज्योति चौहान आदि मौजूद रहे।
-फोटो