कोटद्वार। ‘संस्कार, संस्कृति, राष्ट्रीय चेतना शिक्षा में कैसे जगाई जाए’ विषय पर मेहरबान सिंह कंडारी सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कालेज कोटद्वार और लालपुर व रतनपुर गांव में ग्राम शैक्षिक गोष्ठी का आयोजन किया गया। इसमें बच्चों को संस्कारवान बनाने को लेकर चर्चा की गई।
विद्यालय में गोष्ठी का शुभारंभ मां सरस्वती के सम्मुख दीप प्रज्जवलित कर किया गया। इस मौके पर मुख्य अतिथि चंद्रपाल सिंह नेगी ने कहा कि भारतीय संस्कृति ही विश्व में शांति और सद्भाव का मार्ग प्रशस्त करा सकती है। वर्तमान परिस्थितियों में अधिकांश अभिभावक अपनी इच्छाओं को बच्चों पर थोपकर उन्हें मानसिक विकृति प्रदान करते हैं, जिससे बच्चों में अनुशासनहीनता के लक्षण उत्पन्न होते हैं। कहा कि पाठ्यक्रम में ऐसे विषय समायोजित किए जाए, जिससे बालक अपनी संस्कृति पर गर्व कर सकें। इस मौके पर विशिष्ट अतिथि नागेंद्र ध्यानी, उत्तराखंड सांस्कृतिक मंच के अध्यक्ष सत्यप्रकाश थपलियाल, विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष नारायण सिंह बिष्ट, प्रधानाचार्य हरिचरण प्रसाद चतुर्वेदी, रश्मि बहुखंडी, सामाजिक कार्यकर्ता निर्मला नैथानी, कै. पीएल खंतवाल (रि.) आदि मौजूद थे। उधर, लालपुर और रतनपुर गांव में आयोजित गोष्ठी में वक्ताओं ने कहा कि चरित्र के आधार पर ही बच्चे एक अच्छा व्यक्तित्व समाज में दे सकते हैं। इस मौके पर जगदीश प्रसाद कुंडलिया, श्याम प्रसाद कोटनाला, एसपी कुकरेती, डा. नंदकिशोर ढौंडियाल, ओमप्रकाश कंडवाल, सत्यपाल सिंह, मनीष मधवाल, आकाश माहेश्वरी व नंदन सिंह आदि मौजूद थे।
-फोटो