कोटद्वार। मेहरबान सिंह कंडारी सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कालेज में नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती धूमधाम से मनाई गई। इस अवसर पर आयोजित भाषण प्रतियोगिता में ऋषभ और काव्यपाठ में वंशिका ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
मंगलवार को एमएसकेएसवीएस इंटर कालेज परिसर में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधानाचार्य हरिचरण चतुर्वेदी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उन्होंने छात्र-छात्राओं को नेताजी सुभाष चंद्र बोस के जीवन से जुड़ी घटनाओं के बारे में बताया, साथ ही उनके जीवन से प्रेरणा लेने का आह्वान किया। इस दौरान विद्यालय में विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गई। भाषण प्रतियोगिता में ऋषभ ने प्रथम, आशीष ने द्वितीय और मो. फैज ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। काव्यपाठ में वंशिका ने प्रथम, ऋषभ ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। वंशिका ने देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति दी।