धुमाकोट। विश्व एड्स दिवस पर जीआईसी कोचियार के एनएसएस स्वयं सेवकों ने जनजागरूकता रैली निकाली। साथ ही क्षेत्र के लोगों को एचआईवी और एड्स के प्रति जागरूक किया।
शुक्रवार को विश्व एड्स दिवस के उपलक्ष्य पर विद्यालय में आयोजित गोष्ठी में प्रधानाचार्य एमएस नेगी और जीव विज्ञान प्रवक्ता दिनेश चंद्र पांथरी ने छात्र-छात्राओं और एनएसएस स्वयंसेवकों को एचआईवी और एड्स के बारे में जानकारी दी। कहा कि जागरूकता, सावधानी और बचाव से पूरे देश और समाज को इस गंभीर समस्या से सुरक्षित रखा जा सकता है। उन्होंने कहा कि असुरक्षित यौन संबंध, असुरक्षित ढंग से संक्रमित सुई और संक्रमित रक्त से एचआईवी पॉजीटिव होने के बाद एड्स का खतरा हो सकता है।
गोष्ठी के बाद स्वयंसेवकों, छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने विद्यालय से जडाऊखांद बाजार तक जनजागरूकता रैली निकाली और लोगों को एचआईवी, एड्स के प्रति जागरूक किया। रैली में एनएसएस प्रभारी चंद्रमोहन ध्यानी, चंद्रमोहन नेगी, दिनकर रावत, पीटीए अध्यक्ष सत्यपाल सिंह, एसएमएसी अध्यक्ष जगमोहन सिंह और बचे सिंह मौजूद रहे।