कोटद्वार। अमर शहीद स्मृति दिव्यांग एवं नेत्रहीन संस्थान की बैठक में राज्य सरकार की ओर से खूनीबड़ में 0.120 हेक्टेयर भूमि आवंटित करने के बाद भी मालिकाना हक न मिलने पर रोष जताया गया। कहा गया कि उनकी भूमि आवंटन की फाइल डीएम कार्यालय पौड़ी में लंबित है। बैठक में भूमि का मालिकाना हक संस्थान को देने और खूनीबड़ में स्वीकृति भूमि पर दिव्यांगों के लिए वोकेशनल ट्रेनिंग सेंटर खोलने की मांग उठाई गई।
शिब्बूनगर स्थित संस्थान में संस्था के अध्यक्ष भोपाल सिंह रावत की अध्यक्षता में बैठक हुई। वक्ताओं ने चेतावनी दी गई यदि 14 फरवरी से पहले संस्था को मालिकाना हक नहीं दिया गया तो दिव्यांग प्रधानमंत्री के रुद्रपुर दौरे का विरोध करेंगे। इस मौके पर प्रधानमंत्री से खूनीबड़ में स्वीकृत भूमि पर वोकेशनल ट्रेनिंग सेंटर स्थापित करने, रोजगार के साधन उपलब्ध कराने के लिए लैम सेंटर की स्थापना करने और दिव्यांग वृद्धाश्रम खोलने की मांग की गई। इस मौके पर यतेंद्र भट्ट, हेमंत गुसाईं, भरत सिंह गुसाईं आदि मौजूद रहे।