बैजरो/कोटद्वार। स्पीड गवर्नर के विरोध में जीप-टैक्सियों की हड़ताल का बीरोंखाल और बैजरों में व्यापक असर रहा। इन दोनों क्षेत्रों में लगातार तीसरे दिन भी जीप-टैक्सी नहीं चली, जिसके कारण लोगों को पैदल ही गंतव्य तक पहुंचना पड़ा। कोटद्वार में बंद का आंशिक असर रहा। यहां बंद समर्थक और विरोधियों में तीखी नोकझोंक भी हुई।
वाहनों में स्पीड गवर्नर लगाने के विरोध में बीरोंखाल, बैजरों और थलीसैंण में लगातार तीसरे दिन भी टैक्सियां नहीं चलीं। लोगों को वाहन न मिलने के कारण कई किमी पैदल चलना पड़ा। जय दीबा टैक्सी यूनियन बैजरो के तत्वावधान में बीरोंखाल और थलीसैंण क्षेत्र में टैक्सियों के चक्के तीसरे दिन भी जाम रहे। सोमवार को टैक्सी चालकों ने बैजरों में एनएच-309 के मुख्य पुल पर सांकेतिक धरना देकर जाम लगाया। प्रदर्शनकारी चालक परिवहन विभाग के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे। उन्होंने पुराने वाहनों पर स्पीड गवर्नर की अनिवार्यता खत्म करने की मांग की। धरना देने वालों में टैक्सी यूनियन के अध्यक्ष धीरेंद्र सिंह, उपाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह, सचिव कुलदीप सिंह, सतीश व संजय आदि शामिल थे।
उधर, कोटद्वार में जीप टैक्सी यूनियन की हड़ताल का कोई खास असर देखने को नहीं मिल रहा है। यहां स्पीड गवर्नर लगाए हुए जीप और टैक्सी चालक वाहनों का संचालन कर रहे हैं, जबकि कुछ जीप टैक्सी चालक हड़ताल में शामिल हैं। यूनियन के सात अक्तूबर को होने वाले चुनाव को देखते हुए कोई भी वाहन स्वामी हड़ताल में ज्यादा रुचि नहीं ले रहा है।
फोटो