किशनपुर। भाबर के झंडीचौड़ उत्तरी स्थित राजकीय रेशम फार्म में एक व्यक्ति की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। शव के चेहरे को कुत्तों ने बुरी तरह नोच डाला है, जिससे शव की शिनाख्त नहीं हो सकी है। सूचना मिलते ही चौकी इंचार्ज से लेकर कोतवाल, सीओ और अपर पुलिस अधीक्षक ने रात को ही घटनास्थल पर पहुंच कर मुआयना किया। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है।
मंगलवार देर शाम करीब पौने आठ बजे स्थानीय लोगों ने राजकीय रेशम फार्म के अंदर कुछ कुत्तों के जमघट को देखा तो उन्हें संदेह हुआ। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों को वहां पर एक शव पड़ा देखा, जिसे कुत्ते नोचने पर लगे थे। लोगों ने इसकी सूचना कलालघाटी पुलिस चौकी को दी। सूचना मिलते ही चौकी इंचार्ज विवेक राठी, कोतवाल उत्तम सिंह जिमिवाल, एसएसआई राकेंद्र कठैत, सीओ जेेआर जोशी और एएसपी डा. हरीश वर्मा मौके पर पहुंचे। उन्होंने शव का निरीक्षण कर मौत का अनुुमान 24 घंटे पहले का बताया। मृतक की उम्र करीब 35 से 40 के बीच आंकी गई है। शव की शिनाख्त के प्रयास शुरू कर दिए गए हैं। ग्रामीणों ने हत्या के बाद शव को रेशम फार्म में फेंकने या फिर वहीं पर हत्या किए जाने की आशंका जताई है। रेशम फार्म की प्रभारी मोनिका पंवार ने बताया कि मंगलवार शाम पांच बजे तक शव रेशम फार्म के अंदर नहीं था। बताया कि रेशम फार्म में उनके सहित चार लोग ड्यूटी पर थे। ऐसे में शव के सरकारी रेशम फार्म के अंदर होने पर सवाल उठने लगे हैं।