लैंसडौन। केंद्रीय विद्यालय लैंसडौन के 54वें वार्षिकोत्सव में छात्र-छात्राओं ने देश की संस्कृति के विविध रंग बिखेरे। इस दौरान विद्यालय की विभिन्न गतिविधियों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले छात्रों को ब्रिगेडियर इंद्रजीत चटर्जी ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
बुधवार को आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि ब्रिगेडियर इंद्रजीत चटर्जी और प्राचार्य उर्मिला ने किया। ब्रिगेडियर चटर्जी ने कहा कि लैंसडौन में सेवारत सैनिकों के बच्चों को उच्च गुणवतापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के लिए विद्यालय परिवार को बेहतरीन उपाय करने चाहिए। समारोह में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने राजस्थानी, बंगाली, गढ़वाली, कुमाऊंनी व पंजाबी नृत्यों की प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का मन मोहा। साथ ही विद्यालय के छात्रों ने भारतीय पारंपरिक पोशाक को प्रदर्शित कर दर्शकों को देश की विरासत के दर्शन कराए। इस मौके पर प्राचार्य ने विद्यालय की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए कहा कि विद्यालय में 100 बिस्तरों वाला आधुनिक सुविधाओं वाला छात्रावास है। कार्यक्रम का संचालन मीनाक्षी कुकरेती ने किया।