कोटद्वार। खोह नदी में पोकलैंड और जेसीबी मशीनों द्वारा हो रहे खनन के विरोध में कांग्रेस प्रदेश सचिव कृष्णा बहुगुणा को 23 अप्रैल को प्रशासन द्वारा आमरण अनशन स्थल से उठाने के बाद एक बार फिर से कौड़िया में उन्होंने अपना आमरण अनशन शुरू कर दिया है। उन्होंने खोह नदी से खनन बंद नहीं होने तक आमरण अनशन जारी रखने की चेतावनी दी है।
बुधवार को एक बार फिर से कृष्णा बहुगुणा कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ कौड़िया स्थित आंदोलन स्थल पर पहुंचीं। उन्होंने खनन के विरोध में प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी के साथ प्रदर्शन किया और अपना आमरण अनशन शुरू कर दिया। उन्होंने कहा कि जिस तरीके से खोह नदी में खनन हो रहा है, उससे बरसात में भारी तबाही होना तय है। आज तक इस तरह से खनन कभी नहीं हुआ और ये सब शासन प्रशासन की सह पर हो रहा है। कृष्णा बहुगुणा ने कहा कि राज्य सरकार आपदा के नाम पर अपने चहेतों को खनन के पट्टे दे दे रही है। कहा कि कोटद्वार को बचाने के लिए वह अपनी जान तक गंवाने से पीछे नहीं हटेंगी। उन्होंने क्षेत्रीय लोगों से आंदोलन में उनका सहयोग करने की अपील की। इस अवसर पर सुनीता सिंह, कुसुम असवाल, सरला रावत, शोभा गोयल, कंचन नैथानी, विमल नेगी, प्रदीप नेगी, हुकुम सिंह रावत आदि मौजूद थे।