कोटद्वार। जलसंस्थान की लापरवाही से जौनपुर कालोनी में पिछले दो सप्ताह से पानी नहीं आ रहा है। शिकायत के बाद भी जलसंस्थान हजारों पेयजल लोगों की पेयजल समस्या को लेकर गंभीर नहीं है। लोग गर्मी में पेयजल किल्लत से परेशान हैं।
जौनपुर की पेयजल समस्या को दूूर करने के लिए सरकार ने हैप्पी होम स्कूल के पास करीब छह माह पहले ट्यूबवेल लगाया था। पेयजल किल्लत के चलते लोगों ने अपना पुराना पानी का कनेक्शन कटाकर नए ट्यूबवेल की पाइप लाइन से जुड़वा दिया, लेकिन विभागीय लापरवाही के चलते पहले तो इस ट्यूबवेल की मोटर फुंक गई। एक सप्ताह बाद बमुश्किल मोटर बनी तो अब ट्यूबवेल के बोर्ड में खराबी आ गई। इसके चलते लोगों को पानी के लिए जूझना पड़ रहा है।
स्थानीय नागरिक अनिल भट्ट, यतेंद्र प्रकाश, यशोदा चौहान, कुसुम भट्ट व सुनीता देवरानी ने जलसंस्थान पर पेयजल सप्लाई में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया। कहा कि विभाग पानी की वैकल्पिक व्यवस्था भी नहीं कर रहा है। इसके कारण उन्हें बिना पानी के परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई बार विभाग के अधिकारियों को शिकायत करने के बाद भी लोगों की पेयजल किल्लत दूर नहीं हो रही है। चेताया कि शीघ्र पेयजल आपूर्ति सुचारु नहीं की गई तो अधिशासी अभियंता का घेराव किया जाएगा।
उधर, जलसंस्थान के अवर अभियंता बीएस रावत ने बताया कि जौनपुर स्थित ट्यूबवेल की मुख्य पेयजल लाइन का वाल्व और बोर्ड खराब होने के कारण यह समस्या आ रही है। इसे दुरुस्त कर समाधान कर दिया जाएगा।