कोटद्वार। सुखरौ नदी में हो रहे अवैध खनन का ध्रुवपुर के ग्रामीणों ने विरोध किया है। ग्रामीणों ने उपजिलाधिकारी राकेश तिवारी से अवैध खनन बंद करवाने की मांग की है। अवैध खनन बंद न होने पर ग्रामीणों ने आंदोलन की चेतावनी दी है। कहा कि अवैध खनन से तटवर्ती क्षेत्र में भू-कटाव का खतरा पैदा हो गया है।
सोमवार को धीरेंद्र गढ़वाली के नेतृत्व में ग्राम पंचायत ध्रुवपुर के ग्रामीणों ने सुखरौ नदी में हो रहे अवैध खनन की शिकायत उपजिलाधिकारी राकेश तिवारी से की। कहा कि कोटद्वार में आई बाढ़ के बाद सुखरो नदी के किनारे बसे गांवों पर बाढ़ का संकट गहरा रहा है। अवैध खनन के चलते नदी का रुख गांव की ओर बढ़ रहा है। जिससे गांव में बाढ़ का पानी घुसने और भूमि कटाव का खतरा बन गया है। चेताया कि अवैध खनन न रुका तो ग्रामीण सड़कों को उतरने को मजबूर होंगे। इस अवसर पर प्रभुदयाल, नरेंद्र, आशीष, रविंद्र सिंह, बिमला देवी, कांता देवी, महेश कुमार, राकेश चौधरी, वेदप्रकाश, राकेश, इंद्रप्रकाश, राहुल आदि मौजूद रहे।