दुगड्डा (ब्यूरो)। विकास खंड के ग्राम प्रधानों एवं क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) सुमन राणा पर उनकी उपेक्षा का आरोप लगाते हुए जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान विकासखंड मुख्यालय पर तालाबंदी करते हुए बीडीओ के तबादले की मांग की गई। चेतावनी दी गई कि यदि बीडीओ का तबादला नहीं हुआ तो प्रधान और बीडीसी सदस्य सामूहिक रूप से त्याग पत्र दे देंगे। आरोप लगाया कि क्षेत्र भ्रमण के दौरान बीडीओ संबंधित ग्राम प्रधान और जनप्रतिनिधियों को सूचना देना तक जरूरी नहीं समझतीं।
सोमवार को पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत ब्लॉक प्रमुख सुरेश असवाल के नेतृत्व में जनप्रतिनिधियों ने ब्लॉक कार्यालय में तालाबंदी की। इस दौरान हुई सभा में ब्लॉक प्रमुख ने कहा कि बीडीओ ग्राम सभाओं का भ्रमण कर रही हैं, लेकिन ग्राम प्रधानों को इसकी सूचना नहीं दी जा रही है। जनता को भी जनप्रतिनिधियों के खिलाफ भड़काया जा रहा है। मनरेगा योजना के तहत किए जा रहे विकास कार्यों का भुगतान रोका जा रहा है। विधायक निधि के कार्यों पर भी भुगतान रोककर तानाशाही रवैया अपनाया जा रहा है। ग्राम सभाओं में पारित प्रस्तावों को दरकिनार करते हुए उन पर अपनी ओर से कार्य थोपे जा रहे हैं, जिससे ग्राम सभाओं की खुली बैठकों का औचित्य समाप्त होता जा रहा है। जनप्रतिनिधियों ने चेतावनी दी है कि जब तक बीडीओ का स्थानांतरण नहीं हो जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। कहा कि जल्द ही बीडीओ का तबादला नहीं हुआ तो आगामी 27 जुलाई की बीडीसी में ग्राम प्रधान एवं क्षेत्र पंचायत सदस्य सामूहिक इस्तीफा देंगे।
धरना-प्रदर्शन में ब्लॉक प्रमुख सुरेश असवाल, प्रधान संगठन के अध्यक्ष सुरेश रावत, ग्राम प्रधान पूरण चंद्र, चन्द्रप्रकाश नैथानी, विजय राम, कृष्ण चन्द्र खंतवाल, विजय प्रकाश ध्यानी, विनोद रावत, रेखा रावत, सुमन रावत, डबल सिंह रावत, ओमप्रकाश सुंद्रियाल, आशीष काला, नीलम रावत, हरीश नेगी, विजयराम आर्य, रेखा रावत, सुमन रावत आदि सम्मिलित थे।
फोटो समाचार
बीडीओ के समर्थन में आंदोलनकारी मोर्चा
क्षेत्रीय विधायक और कैबिनेट मंत्री डा. हरक सिंह रावत को सौंपा ज्ञापन
अमर उजाला ब्यूरो
कोटद्वार। एक ओर जहां दुगड्डा के ग्राम प्रधानों और बीडीसी सदस्यों ने बीडीओ दुगड्डा सुश्री सुमन राणा के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए उनके तबादले के लिए शासन और प्रशासन पर दबाव बढ़ा दिया है, वहीं उत्तराखंड आंदोलनकारी राष्ट्रीय मोर्चा खुलकर बीडीओ के समर्थन में खड़ा हो गया है। मोर्चा ने क्षेत्रीय विधायक और मंत्री डा. हरक सिंह रावत को ज्ञापन सौंपकर ईमानदार अधिकारियों को संरक्षण देने और उनका तबादला न करने का आग्रह किया है।
मोर्चा अध्यक्ष डा. शक्तिशैल कपरवाण ने कहा कि पौड़ी जिले में कई अधिकारी साफ और ईमानदार छवि के हैं। दुगड्डा की बीडीओ सुमन राणा उनमें से एक हैं। कुछ लोग निजी स्वार्थों की पूर्ति के लिए उनके तबादले की मांग कर रहे हैं। वह विकासखंड में ईमानदारी से योजनाओं का क्रियान्वयन करने की बात कर रही हैं, ऐसे में उन्हें प्रोत्साहित किया जाना चाहिए। मोर्चा की ओर से सचिव कोमल सिंह सजवाण, गणेश डबराल, मोर्चा के जिलाध्यक्ष प्रवेंद्र सिंह रावतने बीडीओ की ईमानदार कार्यशैली की सराहना की है।