सतपुली/जयहरीखाल। संत स्वामी राम के पैतृक गांव तोली (जयहरीखाल) में मंगलवार को राज्य का पहला टेलीमेडिसिन सेंटर जनता को समर्पित किया गया। इस मौके पर स्वामी राम हिमालयन विश्वविद्यालय के कुलपति डा. विजय धस्माना ने कहा कि पर्वतीय क्षेत्र के लिए टेलीमेडिसिन सेंटर संजीवनी का काम करेगा।
मंगलवार को अक्षय तृतीया के अवसर पर हिमालयन इंस्टिट्यूट हॉस्पिटल ट्रस्ट (एचआईएचटी) का ‘हिमालयन संजीवनी क्लीनिक’ का उद्घाटन एचआईएचटी के अध्यक्षीय समिति के सदस्य व स्वामी राम हिमालयन विश्वविद्यालय के कुलपति डा. विजय धस्माना ने संयुक्त रूप से किया। इस मौके पर डा. विजय धस्माना ने कहा कि पहाड़ के लोगों को गुणवत्तापरक स्वास्थ्य और उच्च शिक्षा सुविधा देना ही स्वामी जी का सपना था। इसी क्रम में पहाड़ की जनता के टेलीकांफ्रेंसिंग सुविधा से युक्त ‘हिमालयन संजीवनी क्लीनिक’ खोला गया। जिसका संचालन रूरल डेवलेपमेंट इंस्टिट्यूट (आरडीआई) और हिमालयन इंस्टिट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (एचआईएमएस) के कम्युनिटी मेडिसिन विभाग के चिकित्सक करेंगे। टेलीमेडिकल सेंटर की स्थापना से तोली ही नहीं, बल्कि आसपास के क्षेत्र के लोग स्वास्थ्य सुविधा का लाभ ले सकेंगे। कहा कि भविष्य में इस सेंटर में स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार किया जाएगा, जिसमें एक्सरे, अल्ट्रासाउंड जैसी सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इस अवसर पर डा. राजीव बिजल्वाण, यतेंद्र धस्माना, प्रोजेक्ट कॉर्डिनेटर शिवम ढ़ौंडियाल, कमल जोशी, सतेंद्र चौहान, प्रमोद कोठारी, सोहन गुसाईं, मनमोहन जोशी, डा. मुकेश बिजल्वाण, आरपीएस रावत, सीपी नैथानी, प्रशांत धस्माना, हेमंत धस्माना, आशीष गौड़, विचित्र सिंह, अनूप रावत आदि मौजूद रहे।
.
50 मरीजों की निशुल्क स्वास्थ्य जांच
सतपुली। जयहरीखाल के तोली गांव में हिमालयन संजीवनी क्लिनिक (टेलीमेडिसन सेंटर) के उद्घाटन के अवसर पर निशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें 50 से ज्यादा मरीजों के स्वास्थ्य की जांच की। शिविर में फिजिशियन डॉ. नितिन कुमार, स्त्री रोग विशेषज्ञ डा. दीपिका शर्मा, नेत्र रोग विशेषज्ञ डा. दर्शिका रावत ने मरीजों के स्वास्थ्य की जांच की और उन्हें निशुल्क दवाइयां वितरित की। जानकारी दी कि टेलीमेडिसिन सेंटर में प्रतिदिन सुबह 8 से दोपहर 2 बजे तक चिकित्सक मरीजों को देखेंगे। निशुल्क स्वास्थ्य कैंप में नर्सिंग सुपरवाइजर एसएस वेदवाल, प्रियंका बहुगुणा, लैब टेक्नीशियन महेश नेगी, रेडियोग्राफर सुनील चैहान, आई टेक्नीशियन अनूप गुसाईं ने अपना सहयोग दिया।
फोटो समाचार
जारी