कोटद्वार। शहर के एक स्कूल ड्रेस विक्रेता ने ड्रेस खरीदने गए अभिभावक से अभद्रता की। स्कूल ड्रेस विक्रेता द्वारा अभिभावक के साथ अभद्रता की । धक्का-मुक्की कर दुकान से बाहर निकालने का वीडियो वायरल हो गया। जिससे अन्य अभिभावकों में भी आक्रोश बना हुआ है। अभिभावकों की ओर से संबंधित विद्यालय प्रशासन, शिक्षा विभाग और पुलिस प्रशासन से आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है। अभिभावकों का आरोप है कि स्कूल ड्रेस विक्रेता मनमाना दाम वसूलता है, विरोध करने पर वह इससे पहले भी कई लोगों के साथ अभद्रता कर चुका है।
मंगलवार देर शाम देवी रोड स्थित एक प्राइवेट स्कूल का अभिभावक अपने बच्चे की स्कूल ड्रेस लेने शहर के पटेल मार्ग के पास स्थित इस दुकान पर पहुंचा। उसको स्कूल ड्रेस में केवल एक शर्ट की जरूरत थी, लेकिन दुकानदार उसे पूरा सेट पकड़ाने लगा। अभिभावक ने विनम्रता पूर्वक एक शर्ट देने की मांग की, जिस पर दुकानदार भड़क गया और धक्का मुक्की कर अभिभावक को दुकान के बाहर निकाल दिया। एक अन्य अभिभावक ने घटना का वीडियो बनाकर वायरल कर दिया। वीडियो वायरल होते ही अन्य अभिभावक भी स्कूल ड्रेस विक्रेता के अभद्र व्यवहार को लेकर सामने आए।
अभिभावक प्रवीण कुमार, विजयलक्ष्मी, पंकज सिंह रावत, लोकेंद्र पाल, विपिन चंद्र, सीएस बिष्ट, कल्पना देवी, पार्वती रावत ने स्कूल ड्रेस विक्रेता पर मनमाना पैसा वसूलने का आरोप लगाया। कहा कि प्राइवेट स्कूलों को कमीशन देने के लिए विक्रेता द्वारा अभिभावकों से दो से तीन गुना अधिक रेट लिए जाते हैं। अन्य स्थान पर स्कूल ड्रेस नहीं मिलने के कारण लोग मजबूरी में निम्न गुणवत्ता की स्कूल ड्रेस को अधिक दाम में खरीदने को मजबूर होते हैं। उन्होंने प्रशासन से घटना का संज्ञान लेकर स्कूल ड्रेस विक्रेता के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।