कोटद्वार। अब पर्यटक कोटद्वार से भी कॉर्बेट पार्क की सैर कर सकेंगे। केंद्र सरकार की ओर से कॉर्बेट टाइगर रिजर्व पार्क के पाखरो गेट को खोलने की सैद्धांतिक सहमति मिल चुकी है। वन एवं पर्यावरण मंत्री डा. हरक सिंह रावत ने बताया कि कोटद्वारवासियों को एक पखवाड़े के भीतर पाखरो गेट के खुलने खुशखबरी मिल जाएगी।
डा. रावत ने बताया कि कोटद्वार से 20 किलोमीटर दूर पाखरो गेट को खुलवाने के लिए वह स्वयं और मुख्यमंत्री लगातार प्रयासरत हैं। कई दौर की वार्ता के बाद केंद्र सरकार से पाखरो गेट को खोलने की सैद्धांतिक सहमति मिल चुकी है। टेक्निकल टीम भी इसे हरी झंडी दे चुकी है। उम्मीद है कि एक पखवाड़े के भीतर पाखरो गेट खुलने की तिथि घोषित हो जाएगी। यह गेट खुलने से दिल्ली से कॉर्बेट की दूरी करीब 200 किमी रह जाएगी और गढ़वाल के लोगों को कॉर्बेट पार्क की सैर के लिए उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले से होकर रामनगर नहीं जाना पड़ेगा। वन मंत्री ने कहा कि गेट खुलने से कोटद्वार और आसपास के क्षेत्रों में पर्यटक बढ़ेंगे और स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के अवसर भी खुलेंगे।