कोटद्वार। गढ़वाल सर्वोदय मंडल की ओर से यहां आयोजित कार्यक्रम में जमनालाल बजाज सम्मान से सम्मानित पर्यावरणविद्, वयोवृद्ध सर्वोदयी नेता धूम सिंह नेगी को सम्मानित किया गया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि गांधी दर्शन और विचार से ही विश्व में शांति हो सकती है।
मंगलवार को व्यापार मंडल सभागार में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ बतौर मुख्य अतिथि सर्वोदय नेता धूम सिंह नेगी और सर्वोदय नेत्री शशिप्रभा रावत ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। अपने संबोधन में सर्वोदयी नेता धूम सिंह नेगी ने कहा कि वर्तमान में सर्वोदय विचार और गांधी दर्शन और भी प्रासांगिक हो गए हैं। सर्वोदयी नेता बिहारी लाल ने पर्वतीय राज्यों के विकास के लिए अलग नीति और मंत्रालय बनाने की मांग उठाई।
चकबंदी के प्रणेता गणेश सिंह गरीब ने पर्वतीय क्षेत्र के विकास के लिए सूबे में चकबंदी लागू करने पर जोर दिया। विजय जड़धारी ने शराबबंदी लागू करने की मांग की। देवेंद्र बहुगुणा ने आलवेदर रोड को पर्यावरण का दुश्मन बताया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए सर्वोदय मंडल के अध्यक्ष सुरेश भाई ने कहा कि सूबे के लोगों को जल, जंगल और जमीन पर अधिकार मिलने चाहिए। इस मौके पर सर्वोदयी नेता धूम सिंह नेगी को विभिन्न सामाजिक संगठनों की ओर से स्मृति चिह्न, अंग वस्त्र भेंटकर सम्मानित किया गया।
इस मौके पर टिहरी सर्वोदय मंडल के अध्यक्ष साहब सिंह सजवाण, पूर्व ब्लॉक प्रमुख बीना सजवाण, चक्रधर कमलेश, गोविंद डंडरियाल, दीपक कुकरेती, शशि भूषण अमोली, सत्यनारायण नौटियाल, नेत्र सिंह रावत, शशि नैनवाल, योगंबर सिंह रावत, प्रधानाचार्य हरिचरण चतुर्वेदी, संजय थपलियाल, सीपी नैथानी आदि मौजूद रहे। संचालन कै. पीएल खंतवाल ने किया।
.