किशनपुर। भाबर के एवीएन हल्दूखाता में आयोजित सहोदय क्रिकेट टूर्नामेंट के सेमीफाइनल मुकाबलों में एवीएन एकेडमी और बालभारती पब्लिक स्कूल ने अपने-अपने मैच जीतकर फाइनल में प्रवेश कर लिया। एवीएन के अभय जोशी और बालभारती के दीपक को बेहतरीन गेंदबाजी के लिए मैन ऑफ द मैच से नवाजा गया।
रविवार को खेले गए सेमीफाइनल मुकाबलों का शुभारंभ विद्यालय की संचालिका अनुराधा नैथानी शर्मा ने किया। पहला मुकाबला एवीएन एकेडमी और ब्लूमिंग वैल के मध्य खेला गया। एवीएन ने टॉस जीता और पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए उन्होंने 107 रन बनाए, जिसमें हिमांशु नेगी ने सर्वाधिक 56 रनों का योगदान दिया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी ब्लूमिंग वैल की टीम एवीएन की घातक गेंदबाजी के आगे नहीं टिक पाई और मात्र 78 रन पर ही ऑल आउट हो गई। एवीएन के अभय जोशी तीन ओवर में सात विकेट लेकर मैन ऑफ द मैच रहे। दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में हैप्पी होम की टीम निर्धारित ओवरों में मात्र 65 रन ही बना पाई। बाल भारती के खिलाड़ियों ने 13 ओवर में ही पांच विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया और फाइनल में प्रवेश किया। बालभारती के दीपक को बेहतरीन गेंदबाजी के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया। इस अवसर पर डायरेक्टर रजनीश शर्मा, बीएस रावत, विनोद रावत, गिरीराज सिंह, योगेंद्र बिष्ट व प्रमोद सिंह मौजूद रहे।