कोटद्वार। नवसृजित नगर निगम के वार्ड नंबर-14 के आमपड़ाव व जौनपुर में लावारिस पशुओं की दहशत और सड़क की नालियों पर टूटे जाले लोगों के लिए परेशानी का सबब बने हुए हैं। लोग लगातार जनप्रतिनिधियों के माध्यम से प्रशासन से समस्या के समाधान की मांग कर रहे हैं, लेकिन उनकी सुनने वाला कोई नहीं है। जिसके चलते वे मायूस हैं।
वार्ड नंबर 14 पूर्व में नगर पालिका का वार्ड नंबर दस हुआ करता था। वर्तमान में इस वार्ड में आमपड़ाव का शेष भाग, स्नेह कुंज कालोनी, अलकनंदा कालोनी, रॉबर्ट कालोनी व हैप्पी होम स्कूल क्षेत्र को मिलाया गया है। इस वार्ड की कुल आबादी 4500 के करीब है। 2127 मतदाताओं वाले इस वार्ड में पार्षद पद के लिए कांग्रेस, भाजपा, बसपा सहित सात प्रत्याशी मैदान में हैं।
इस वार्ड में आमपड़ाव चौराहा के अलावा अधिकतर स्थान आवासीय क्षेत्र हैं। यहां पर लावारिस पशुओं की दहशत बनी रहती है। लावारिस पशु आए दिन राहगीरों और दुकानदारों पर हमले करते रहते हैं। चौराहे पर नालियों के ऊपर टूटे सुरक्षा जालों से लोग चोटिल हो रहे हैं।
स्थानीय निवासी कृष्ण कुमार प्रजापति, राकेश कुमार, यशोदा नेगी व पंकज बलूनी ने जनप्रतिनिधि और प्रशासन पर वार्ड का विकास नहीं करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि इस बार सक्षम प्रत्याशी को ही वोट दिया जाएगा।
इंसेट
ये हैं पार्षद के प्रत्याशी
गीता बुड़ाकोटी-भाजपा
आशा चौहान-कांग्रेस
रीता देवी-बसपा
महमूदा-निर्दलीय
राधा देवी-निर्दलीय
रिजवान-निर्दलीय
हिमानी-निर्दलीय
-फोटो