दुगड्डा। राष्ट्रीय राजमार्ग पर कोटद्वार-दुगड्डा के बीच आमसौड़ के पास के अधिकांश हिस्से में भूधंसाव होने से दुर्घटना का अंदेशा बना हुआ है। सड़क पर प्रतिदिन चलने वाले सैकड़ों वाहन खतरे में आवागमन कर रहे हैं।
पौड़ी जिले के नजीबाबाद-बुआखाल राष्ट्रीय राजमार्ग में कोटद्वार-दुगड्डा के बीच आमसौड़ क्षेत्र में भूस्खलन की स्थिति बनी है। आलम यह है कि खोह नदी में जलभराव से करीब 200 मीटर भूभाग में भूधंसाव जारी है। पर्यटन नगरी लैंसडौन में बाहरी राज्यों से आवाजाही करने वाले पर्यटकों के वाहनों की संख्या में इजाफा होने से खस्ताहाल राजमार्ग सें प्रतिदिन दबाव बढ़ता जा रहा है। सड़क तंग होने से दुर्घटना की आशंका बनी हुई है।
राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग द्वारा वर्ष 2015 में प्रभावित डेंजर जोन की मरम्मत के लिए करीब चार करोड़ रुपये का प्रस्ताव पास किया गया था। कार्य शुरू करने के लिए एनएच ने वन विभाग से अनुमति मांगी थी, लेकिन वन विभाग ने अनुमति नहीं दी। इसके कारण सड़क की स्थिति खतरनाक बनी हुई है।
उधर, राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग के सहायक अभियंता आरके असवाल ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग में आमसौड़ के निकट स्थिति संवदेनशील बनी है। वन विभाग ने खोह नदी में निर्माण कार्य के लिए जेसीबी मशीन ले जाने पर रोक लगाई थी। इस कारण निर्माण नहीं हो सका। इस संबध में डीएम पौड़ी को अवगत करा दिया था। डीएम के निर्देश पर अब डीएफओ लैसडौन ने कार्य करने की अनुमति दी है। ठेकेेदार की बांड की सीमा अवधि बढ़ाकर शीघ्र कार्य शुरू किया जाएगा।
-फोटो