कोटद्वार। गत वर्ष अगस्त में आई आपदा में क्षतिग्रस्त मार्ग का निर्माण न होने से ग्राम पंचायत मानपुर के ग्रामीण भड़के हुए हैं। उन्होंने जल्द सड़क की मरम्मत न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। ग्रामीणों ने क्षेत्रीय विधायक और मंत्री डा. हरक सिंह रावत को ज्ञापन भेजकर जल्द मार्ग निर्माण की मांग की है।
नगर क्षेत्र के अंतर्गत आमपड़ाव की सीमा से लगे ग्राम पंचायत मानपुर के ग्रामीणों के आवागमन के लिए रास्ता न होने पर सरकार ने पनियाली गदेरे के किनारे मार्ग निर्माण को स्वीकृति प्रदान की थी। इसके लिए कार्यदायी संस्था मंडी समिति को बनाया गया। मंडी समिति ने मार्ग निर्माण के साथ ही सुरक्षा की दृष्टि से गदेरे की साइड से मार्ग निर्माण करते हुए लोहे की रेलिंग भी बनाई थी। गत वर्ष तीन-चार अगस्त की रात को आई आपदा के दौरान उक्त सड़क बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। तब से ग्रामीण लगातार मार्ग निर्माण की मांग करते आ रहे हैं, लेकिन सालभर बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीण गंगा सिंह राणा, रश्मि नेगी, सरोज शर्मा, रीना देवी, सत्यभामा देवी, जगदीश प्रसाद, भारती डबराल व गोदांबरी देवी ने बताया कि मार्ग क्षतिग्रस्त होने से ग्रामीणों को जहां आवाजाही करने में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, वहीं आए दिन उक्त मार्ग पर कई दुर्घटनाएं हो रही हैं। ग्रामीणों का कहना है कि रास्ता क्षतिग्रस्त होने के कारण पनियाली गदेरे से आवासीय भवनों को खतरा भी बना हुआ है।
-फोटो-क्षतिग्रस्त मार्ग