कोटद्वार। उत्तराखंड डिप्लोमा इंजीनियर्स महासंघ कोटद्वार की हुई बैठक में चौरास पुल पर बिड़ला परिसर श्रीनगर के छात्र नेताओं द्वारा लोनिवि अधिकारियों से मारपीट करने पर रोष व्यक्त किया गया। साथ ही दोषी छात्र नेताओं पर कार्रवाई करने की मांग की है।
बुधवार को पीएमजीएसवाई परिसर में आयोजित उत्तराखंड डिप्लोमा इंजीनियर्स महासंघ कोटद्वार की बैठक महासंघ के शाखा अध्यक्ष ई. केके राज की अध्यक्षता में हुई। इसमें वक्ताओं ने कहा कि जिन छात्र नेताओं पर मुकदमा दर्ज किया गया है, उनके खिलाफ सकारात्मक कार्रवाई की जाए। इसके लिए उन्होंने जिलाधिकारी पौड़ी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में महासंघ के सदस्यों ने कहा कि डिप्लोमा इंजीनियर्स महासंघ कोटद्वार शाखा के सभी सदस्य 28 दिसंबर को सांकेतिक कार्य बहिष्कार करेंगे। यदि उसके बाद भी आरोपियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई तो उत्तराखंड डिप्लोमा इंजीनियर्स महासंघ कोटद्वार के सदस्य आंदोलन करने को बाध्य होंगे।
बैठक में महासंघ के शाखा सचिव उमाशंकर कुकेरती, प्रदीप ममगाईं, जगदीश सिंह खाती, हुकुम सिंह रावत, सत्यवीर सिंह त्यागी, राहुल गुप्ता, सत्यप्रकाश, विपिन कुमार, सुमित कुमार, प्रणवीर सिंह व सहदेव सिंह आदि मौजूद रहे।