कोटद्वार। नगर के सुमन मार्ग, गोखले मार्ग और नजीबाबाद रोड पर उपजिलाधिकारी राकेश तिवारी की अगुवाई में अतिक्रमण अभियान चलाया गया। इस दौैरान पुलिस बल के साथ निगम कर्मियों ने अतिक्रमणकारियों को खदेड़ा।
सोमवार शाम चले इस अभियान में निगम कर्मियों ने पुलिस की मदद से नजीबाबाद रोड, गोखले मार्ग और सुमन मार्ग पर खड़ी रेहड़ी-ठेलियों को हटाया। निगम कर्मियों ने इस दौरान कई ठेली वालों के चालान भी काटे। अतिक्रमण हटाने के लिए पहुंची टीम को देखकर गोखले मार्ग पर अतिक्रमणकारियों में अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में लोगों ने अपनी रेहड़ियां गलियों में डाल दी। इस दौरान टीम ने कई फड़ वालों का सामान भी जब्त किया।
उपजिलाधिकारी राकेश तिवारी ने बताया कि अतिक्रमण हटाओ अभियान जारी रहेगा। अभियान में कोतवाल यूएस जिमिवाल, एसआई नगर निगम सुनील कुमार, राजस्व उपनिरीक्षक चित्र सिंह रावत समेत निगम कर्मी उपस्थित रहे।