कोटद्वार। लोक कलाकार महासंघ कोटद्वार के स्थापना दिवस पर रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम रही। कलाकारों ने सांस्कृतिक झांकी के माध्यम से गढ़वाली लोक संस्कृति की छटा बिखेरी।
सोमवार को आयोजित समारोह का पूर्व स्वास्थ्य मंत्री सुरेंद्र सिंह नेगी ने दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया। उन्होंने रंगकर्मियों से लोक संस्कृति और गढ़वाल की धरोहर को संजोने के लिए प्रयास करने की अपील की।
स्थापना दिवस पर प्रकाश गढ़वाली के संचालन में जीआईसी कोटद्वार से सांस्कृतिक झांकी निकाली गई। इसमें क्षेत्र की 10 महिला मंगल दलों ने पलायन, नशा विरोधी, मद्यनिषेध, लोक संस्कृति, चिपको आंदोलन और ‘बेटी पढ़ाओ बेटी बचाओ’ विषय पर आधारित झांकी प्रस्तुत की। संस्कृति विभाग की ओर से जौनसार घुमसू मंच के कलाकारों ने सराई नृत्य के साथ झांकी में प्रतिभाग किया। लोक कलाकार महासंघ की ओर से गढ़वाल के पारंपरिक वाद्ययंत्र घोल दमाऊं और मशकबीन की झांकी निकाली गई। सांस्कृतिक झांकी शहर के मुख्य मार्गों से होती हुए बदरीनाथ मार्ग स्थित प्रेक्षागृह पहुंची। वहां पर रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
प्रेक्षागृह में राकेश मोहन ध्यानी के संचालन में आयोजित रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम में महिला मंगल दलों ने एक से बढ़कर एक लोक संस्कृति पर आधारित कार्यक्रम प्रस्तुत कर कार्यक्रम में समा बांधा। इस अवसर पर शिक्षक बबीता ध्यानी की ओर से स्वतंत्रता संग्राम सेनानी अंबिका प्रसाद ध्यानी भौन नैनीडांडा की स्मृति में लोक गायिका सरोज रावत को पुरस्कृत किया। इस अवसर पर महासंघ के अध्यक्ष विजेंद्र चौधरी, महासचिव ओमप्रकाश कबटियाल, ब्लाक प्रमुख सुरेश असवाल व नगर कांग्रेस अध्यक्ष संजय मित्तल आदि मौजूद थे।