पालिका प्रशासन ने बैंकुठ चतुर्दशी मेले को 10 दिन तक संचालित करने का निर्णय किया है। इस बार मेले में कई नई प्रतियोगिताएं भी होंगी। राज्य के सभी जिलों से भी सांस्कृतिक टीमों को आमंत्रित किया जाएगा।
पालिका सभागार में बृहस्पतिवार को आयोजित बैठक के दौरान पालिका अध्यक्ष विपिन मैठानी ने बैकुंठ चतुर्दशी मेले की रूपरेखा रखी। मेले 12 से 21 नवंबर तक चलेगा। मैठानी ने बताया कि मेले में महिला वॉलीबाल व मिस श्रीनगर जैसी प्रतियोगिताएं पहली बार आयोजित होंगी।
शहर क्षेत्र की कीर्तन मंडलियों के लिए भी प्रतियोगिता होगी। मेले में पहली बार थिएटर को भी जोड़ा गया है। जिसमें स्कूली व कालेज के छात्र प्रतिभाग करेंगे। मेले से एक दिन पूर्व सद्भावना मैराथन का आयोजन भी होगा। क्षेत्र के राज्य आंदोलनकारियों व पूर्व पालिका अध्यक्षों को भी सम्मानित किया जाएगा।
राज्य के सभी जिलों की सांस्कृतिक टीमों को प्रस्तुति देने के लिए आमंत्रित किया जाएगा। गढ़-कुमाऊंनी के साथ ही राष्ट्रीय स्तर का कवि सम्मेलन भी होगा। कार्यक्रम को उत्तराखंड सांस्कृतिक नाइट का नाम दिया गया है। सर्वश्रेष्ठ पुरस्कारों के तहत स्वर्ण पदक व चार रजत प्लेट दी जाएंगी।
जिलाधिकारी चन्द्रशेखर भट्ट ने कहा कि बैकुंठ चतुर्दशी मेले को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन व पालिका की सभी तैयारियां रहेंगी। डीएम ने मेले के दौरान स्वच्छ भारत और नमामि गंगे का स्टाल लगाने का सुझाव दिया है। एसएसपी निवेदिता कुकरेती ने भी मेले में पुलिस व्यवस्था संबंधी जानकारी के बारे में अवगत कराया।
मेले में लगें सीसीटीवी कैमरे
शहर के व्यापारियों ने सुझाव दिया है कि सुरक्षा की दृष्टि से मेले में सीसीटीवी कैमरे से नजर रखी जाए। साथ ही बाहर से आने वाले खेल तमाशा संचालकों का सत्यापन गंभीरता से किया जाए।