राजधानी देहरादून के झंडा साहिब में सोमवार को झंडेजी का आरोहण होगा। करीब डेढ़ लाख श्रद्धालु इस पल के साक्षी बनने के लिए झंडे जी पहुंच चुके हैं।
मुरादाबाद की संगत इस बार पंजाब की संगत से पहले ही पहुंच गई। अब तक 1200 सूती गिलाफ की बुकिंग हो चुकी है। बुकिंग सोमवार सुबह दस बजे तक होती रहेगी। रविवार को दिनभर सादे गिलाफ की सिलाई होती रही। शनील के गिलाफ की बुकिंग वर्ष 2039 तक के लिए हो चुकी है।
दर्शनी गिलाफ की बुकिंग 2108 तक के लिए हो चुकी है। पंजाब और यूपी, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल आदि जगहों से संगत दरबार साहिब पहुंच चुकी है। दरबार साहिब, माता वाला बाग, सभी एसजीजीआर स्कूल और धर्मशालाएं फुल हो चुकी हैं। अब जगह सिर्फ रेसकोर्स के स्कूल में है, हालांकि दूर होने की वजह से संगत वहां नहीं ठहरना चाहतीं।
सोमवार को सुबह आठ बजे झंडे जी नीचे उतारे जाएंगे। इसके बाद सभी पुराने गिलाफ उतार झंडे जी का दूध, दही, घी से अभिषेक किया जाएगा। अभिषेक के पश्चात शाम को सूती गिलाफ, शनील के गिलाफ और फिर दर्शनी गिलाफ चढ़ेगा। शाम करीब साढ़े चार बजे झंडे जी का आरोहण होगा। इसके बाद महंत देवेंद्र दास सभी को आशीर्वाद देंगे।