- ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र का मामला, बाइक चालक पर रिपोर्ट
संवाद न्यूज एजेंसी
हरिद्वार। ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र में कस्साबान पुलिया के पास गलत दिशा से तेज रफ्तार में आ रहे बाइक सवार ने सामने से दूसरे वाहन सवार युवक को टक्कर मार दी। वह गंभीर रूप से घायल हो गया। निजी अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने हायर सेंटर रेफर कर दिया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात बाइक चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
पुलिस के अनुसार, पुरानी सब्जी मंडी ज्वालापुर निवासी साक्षी शर्मा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 16 अक्तूबर की सुबह करीब 8:50 से नौ बजे के बीच उनका भाई उदित तुम्बड़िया अपने वाहन से कार्यालय जा रहा था। उसका कार्यालय ऊंची सड़क पर आर्य नगर चौक के पास स्थित है। जैसे ही वह कस्साबान पुलिया के पास पहुंचा, सामने से आ रहे एक अज्ञात बाइक सवार ने गलत दिशा में तेज रफ्तार से वाहन चलाते हुए उसके दोपहिया वाहन में टक्कर मार दी।
टक्कर लगने से उदित गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। इसके बाद उसके मित्र मुकुल गाबा उसे देवभूमि अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उसे देहरादून के हायर सेंटर रेफर कर दिया। कोतवाली प्रभारी चंद्रभान सिंह अधिकारी ने बताया कि इस संबंध में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। बाइक चालक की तलाश की जा रही है।