हरिद्वार। ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र में रानीपुर मोड़ पर एक युवक ने दूसरे युवक पर चाकू से हमला कर दिया। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को अस्पताल भेजते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया। घायल की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, घटना रविवार की दोपहर की है। जब सिटी कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि रानीपुर मोड़ पर एक व्यक्ति चाकू से दूसरे पर हमला कर रहा है। तत्काल चेतक पुलिस कर्मी मौके पर पहुंचे और देखा कि एक व्यक्ति को चाकू लगा है और वह घायल अवस्था में है। घायल की पहचान चंद्र प्रकाश उर्फ चंदू पुत्र स्वर्गीय रामचरण निवासी मोहल्ला कोटरावान ज्वालापुर के रूप में हुई। पुलिस ने उसे तुरंत जिला अस्पताल भेजा, जहां उसका उपचार चल रहा है।
पुलिस ने आरोपी कमल यादव निवासी सिडकुल क्षेत्र को मौके से ही हिरासत में ले लिया। आरोपी एंकर फैक्टरी में कार्यरत बताया जा रहा है। कोतवाली प्रभारी अमरजीत सिंह ने बताया कि घायल को अस्पताल में भर्ती करा दिया गया। आरोपी को हिरासत में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है। दोनों में झगड़ा हुआ था।
-