एडवोकेट्स एक्ट के संशोधन बिल के विरोध में बार काउंसिल ऑफ इंडिया के आह्वान पर जिला बार संघ और तहसील के अधिवक्ता शुक्रवार को हड़ताल पर रहे। इस दौरान न्यायालय से जुड़े कामकाज ठप रहे। अधिवक्ताओं के अलावा टाइपिस्ट, स्टांप विक्रेता आदि ने भी हड़ताल को समर्थन दिया।
विधि आयोग की ओर से एडवोकेट्स एक्ट में संशोधन का बिल लाया जा रहा है। जिसका बार काउंसिल ऑफ इंडिया विरोध कर रही है। शुक्रवार को बार काउंसिल ऑफ इंडिया के आह्वान पर जिला बार संघ से जुड़े अधिवक्ताओं ने रोशनाबाद स्थित बार कक्ष में बैठक की। अधिवक्ताओं को संबोधित करते हुए बार संघ के अध्यक्ष जसमेंद्र सिंह मोंटू ने कहा कि संशोधन बिल अधिवक्ताओं के हित में नहीं है। इसका हर स्तर पर विरोध किया जाएगा। सचिव अजय चौहान ने कहा कि संशोधन बिल अधिवक्ताओं के खिलाफ है। वरिष्ठ अधिवक्ता राजकुमार चौहान, राकेश कुमार सिंह, विजय शर्मा, सुधीर त्यागी आदि ने भी अपने विचार रखते हुए संशोधन बिल का विरोध जताया। अध्यक्ष जसमेंद्र मोंटू सहित तरसेम सिंह, रामगोपाल अग्रवाल, राकेश चौहान, मोहम्मद उस्मान आदि अधिवक्ताओं ने धरना भी दिया और विधि आयोग का पुतला फूंकते हुए एडीएम को ज्ञापन दिया। बैठक में नरेंद्र सिंह, सतीश चौधरी, परमेश्वर राठौर, सचिन बेदी, रमन कुमार, अभिषेक चौहान, नवीन चौहान, भूपेंद्र चौहान, रंजन सैनी, उजागर सिंह, रमेश चंद्र चौहान, सुरेश कुमार, ललित उपाध्याय, विनय चौहान आदि अधिवक्ता उपस्थित रहे।
वहीं हरिद्वार तहसील में भी अधिवक्ता, दस्तावेज लेखक आदि कार्य से विरत रहे। यहां तहसील बार संघ अध्यक्ष आदेश जैन, सचिव राजेन्द्र सिंह, आदित्य कुमार, राजीव त्यागी, पहल सिंह वर्मा, राजकुमार उपाध्याय, चंद्रपाल सिंह, संदीप चौहान, संदीप धीमान, मयंक जैन, सुभाष चौधरी, नवीन बंसल, वकील चंद जैन, महिपाल सिंह आदि उपस्थित रहे।