जी-20 कार्यक्रम के अंतर्गत दो दिवसीय सी-20 एसडीजी 16 प्लस एवं प्रोमोटिंग सिविक स्पेस कार्यक्रम का समापन हो गया। बैठक में पारित प्रस्तावों को जी-20 के पास भेजा जाएगा।
होटल भागीरथी में चल रही बैठक के समापन अवसर पर पहुंचीं उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष और कोटद्वार से विधायक रितु खंडूरी ने कहा कि जी-20 के बैनर तले हो रही इन तमाम बैठकों से विश्व में भारत का दमखम और दिखाई देगा। आने वाले सालों में एक सशस्त्र विकास का फोकस कैसा हो ये बैठक ही तय करेगी। महिलाओं पर बात करते हुए कहा की हमें समाज में आज भी महिलाओं को हक के लिए लड़ना पड़ता है। जबकि हमें इस पर काम करना होगा। महिलाओं को भी उतना ही दर्जा मिले जितना पुरुषों को मिलता है। ये तभी ही मिलेगा जब लोग अपनी सोच बदलेंगे। कार्यक्रम संयोजक संजय चतुर्वेदी ने कहा कि बैठक में लिए गए तमाम निर्णय समाज को ध्यान में रखकर लिए जा रहे हैं। इस तरह की बैठक देशभर में कई जगहों पर हो रही है। जी-20 को भेजे गए प्रस्ताव संयुक्त राष्ट्र में जाएंगे।
कहा कि हरिद्वार में बैठक को आयोजित करने का मुख्य मकसद यही था कि देश-विदेश से आने वाले मेहमानों को न केवल हरिद्वार बुलाया जाए, बल्कि मां गंगा की भव्यता दिव्यता और मां गंगा की अलौकिक आरती से भी उनको रूबरू कराया जाए। इस मौके पर विधायक आदेश चौहान, भाजपा जिलाध्यक्ष संदीप गोयल, गंगा सभा के अध्यक्ष नितिन गौतम, पार्षद अनिरूद्ध भाटी, गगन यादव, गणेश रेड्डी, संजय कश्यप, हिमांशु पंडित, योगी रजनीश, संजय मिश्रा, सुखबीर सिंह, धर्मेंद्र बिश्नोई, आलोक शर्मा, विनीत वशिष्ठ, विकास गोयल आदि मौजूद रहे।