- नगर कोतवाली क्षेत्र का मामला, शांतिभंग में किया चालान
संवाद न्यूज एजेंसी
हरिद्वार। नगर कोतवाली पुलिस ने रोडवेज बस अड्डे के आगे रेलवे गेट के पास आपस में झगड़ रही आठ महिलाओं को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि आने-जाने वाले लोगों को अपनी ओर आकर्षित करने को लेकर दोनों पक्षों की महिलाओं के बीच विवाद हो गया था। पुलिस ने सभी का शांतिभंग में चालान कर दिया।
पुलिस के अनुसार, रविवार को महिला उपनिरीक्षक निशा सिंह पुलिस टीम के साथ शिवमूर्ति चौक और रेलवे गेट के आसपास चेकिंग, होटल-ढाबों की जांच के साथ ही सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था में तैनात थीं। इसी दौरान रोडवेज बस अड्डे से आगे रेलवे गेट के सामने महिलाओं के दो पक्षों के बीच विवाद होता दिखाई दिया। मौके पर पहुंची पुलिस को पता चला कि दोनों पक्षों की चार-चार महिलाएं एक-दूसरे से झगड़ रही थीं।
विवाद बढ़ने और शांति व्यवस्था भंग होने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने दोनों पक्षों की आठ महिलाओं को हिरासत में ले लिया। सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी ने बताया कि सभी का शांतिभंग में चालान कर सिटी मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें जमानत मिल गई।