हरिद्वार। नगर कोतवाली क्षेत्र के सप्तऋृषि में कमेटी के पैसे वापस न देने पर जहरीला पदार्थ खा लेने वाली महिला की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में भिजवा दिया है। वहीं, महिला का सैलून संचालक पर आरोप लगाते हुए एक ऑडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
पुलिस के अनुसार, पूजा गुप्ता (34) पत्नी शरद गुप्ता निवासी भारत मातापुरम, सप्तऋृषि ने बृहस्पतिवार को जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया था। तबीयत बिगड़ने के बाद परिजनों ने अस्पताल में भर्ती करवाया था। अस्पताल में दो दिन तक चले इलाज के बाद शनिवार को पूजा ने दम तोड़ दिया। इस घटना के बाद पूजा का एक ऑडियो क्लिक सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है।
ऑडियो में महिला एक सैलून संचालक पर आरोप लगाते हुए कह रही है कि उसके पास उनका सोना और करीब 25 लाख रुपये हैं। इन्हें वापस नहीं किया जा रहा था। वहीं, महिला के साथ मारपीट करने का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। कोतवाली प्रभारी कुंदन सिंह राणा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।