हरिद्वार। हरिद्वार रेलवे स्टेशन के महिला प्रतीक्षालय में एक युवती के साथ अभद्रता और मारपीट के मामले में जीआरपी ने प्राथमिकी दर्ज की है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार, निकिता पटेल निवासी झांसी ने जीआरपी को दी तहरीर में बताया कि नौ मई को वह हरिद्वार से काठगोदाम जाने के लिए रेलवे स्टेशन के महिला वेटिंग रूम में बैठी थी। बाहर से दो महिला, दो पुरुष पहुंचे। बैठने के लिए जगह मांगने लगे। उन्हें बताया कि यह महिला प्रतीक्षालय है, इसके बावजूद वे जबरन बैठने लगे। कहासुनी शुरू होने पर कुछ लोगों ने उसे गला काटने और जान से मारने की धमकी दी। आरोप है कि धमकी मिलने पर उसने मोबाइल से वीडियो रिकॉर्डिंग शुरू कर दी।
आरोप है कि सभी उसका मोबाइल छीनने लगे, धक्का-मुक्की करने लगे। उसकी बहन पुलिस से शिकायत करने बाहर चली गई। एक महिला से उसका वीडियो बनाने को कहा, जिस पर निकिता ने भी अपना कैमरा उनकी तरफ किया। तीनों लोग मारपीट के इरादे से बढ़े। कैमरा बंद न करने पर जान से मारने की धमकी दी। मोबाइल छीनने के दौरान एक ने उसका गला भी पकड़ा। थाना प्रभारी निरीक्षक बिपिन चंद्र पाठक ने बताया कि तहरीर मिलने पर इस संबंध में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। जांच की जा रही है।