हरिद्वार। ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र के शास्त्री नगर स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में घुसकर महिला के साथ मारपीट कर दी गई। पुलिस ने तहरीर के आधार पर महिला के पूर्व पति समेत तीन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
पुलिस के अनुसार, मोहिनी निवासी शास्त्री नगर ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनका अपने पति सोनू कुमार से वर्ष 2008 में तलाक हो चुका है। आरोप है कि 28 मार्च को दोपहर करीब एक बजे जब वह शास्त्री नगर स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में मौजूद थीं, तभी सोनू कुमार अपने साथ लक्की और पिंकी को लेकर वहां पहुंच गया। केंद्र में घुसते ही तीनों ने विवाद शुरू कर दिया और गाली-गलौज करते हुए मारपीट कर दी। मारपीट में उन्हें गंभीर चोटें आईं। तीनों उन्हें घायल अवस्था में छोड़कर मौके से फरार हो गए। इसके बाद कोतवाली पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी। कोतवाली प्रभारी चंद्रभान सिंह अधिकारी ने बताया कि इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है।