हरिद्वार/पथरी। पथरी थाना क्षेत्र के बोडाहेड़ी गांव में महिला और युवक ने एक-दूसरे पर अश्लील हरकतें करने सहित गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर क्रॉस प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, बोडाहेड़ी निवासी महिला ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि गांव का ही युवक काफी समय से उसे फोन कर परेशान कर रहा था और अश्लील बातें करता था। महिला का कहना है कि कई बार समझाने के बावजूद वह अपनी हरकतों से बाज नहीं आया। नौ मई को युवक ने फोन कर उसे मिलने के लिए कहा। मना करने के बावजूद वह लगातार कॉल करता रहा। बातचीत करने के लिए उसे घर बुलाया, जहां उसने अश्लील हरकत की।
वहीं दूसरी तरफ युवक ने तहरीर में आरोप लगाया कि गांव ही व्यक्ति उससे लंबे समय से 20 हजार रुपये उधार मांग रहा था। उसने बाद में पैसे देने की बात कही थी, लेकिन इंतजाम नहीं हो सका। नौ मई की रात करीब साढ़े दस बजे उस व्यक्ति की पत्नी ने कई बार फोन कर उसे घर बुलाया। आरोप है कि वहां पहुंचते ही दोनों ने उसे पकड़ लिया और शोर मचाना शुरू कर दिया। शोर सुनकर गांव के दो और व्यक्ति भी आ गए। चारों लोगों ने उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की। साथ ही झूठे दुष्कर्म के मामले में फंसाने की धमकी दी। आरोप है कि डराने-धमकाने के बाद उससे 1.20 लाख रुपये भी ले लिए। दोबारा गांव में दिखाई देने पर जान से मारने की धमकी दी। थानाध्यक्ष रविंद्र कुमार ने बताया कि क्रॉस रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।