भूपतवाला क्षेत्र में हुई बढ़ई की मौत के मामले में नया मोड़ आ गया है। मृतक बढ़ई के भाई ने अपनी भाभी के खिलाफ हत्या करने का संदेह व्यक्त करते हुए मुकदमा दर्ज कराया है।
घटना 20 जनवरी की है। राजस्थान के गांव सियाणा बीकानेर का रहने वाला पेशे से बढ़ई नारायण कई वर्ष से यहां मस्तराम गली भूपतवाला में रह रहा था। बीस जनवरी उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। पत्नी नैना उसे जिला अस्पताल ले गई थी जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया था। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया था लेकिन पोस्टमार्टम में भी मौत का कारण साफ नहीं हो सका था।
पुलिस ने विसरा कब्जे में लेकर जांच के लिए विधि विज्ञान प्रयोगशाला देहरादून भेजा है। बृहस्पतिवार को मृतक के भाई डुगर सिंह ने एसएसपी कृष्ण कुमार वीके से मुलाकात कर छोटे भाई की हत्या कर देने की अंदेशा जताया। आरोप लगाया कि पत्नी नैना ने ही उसके छोटे भाई की हत्या की है। एसएसपी ने शिकायत पर संज्ञान लेते हुए हरिद्वार कोतवाली पुलिस को इस संबंध में मुकदमा दर्ज कर लेने के आदेश दिए। कोतवाली प्रभारी अनिल जोशी ने बताया कि पत्नी नैना के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। विधि विज्ञान प्रयोगशाला से विसरा रिपोर्ट की जांच का इंतजार कर रहे है।
रकम निकालने का मुकदमा दर्ज
कनखल पुलिस ने एटीएम का पासवर्ड पूछकर रकम निकालने का मामला दर्ज किया है। पिछले वर्ष दिसंबर माह में गांव जगजीतपुर निवासी आदेश कुमार पुत्र रामगोपाल सिंह के मोबाइल फोन पर कॉल आई थी। कॉल कर रहे शख्स ने खुद को बैंककर्मी बताकर एटीएम कार्ड संबंधी जानकारी ले ली थी और उनके खाते से 55 हजार की रकम ट्रांसफर हो गई थी। एसओ नत्थीलाल उनियाल ने बताया कि इस संबंध में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।