हरिद्वार नगर विधानसभा सीट के प्रत्याशी ब्रह्मस्वरूप ब्रह्मचारी और पूर्व पालिकाध्यक्ष सतपाल ब्रह्मचारी को एक मंच पर लाकर सीएम हरीश रावत ने दोनों के गिले शिकवे दूर किए। इस मौके पर सीएम ने कहा कि यह वक्त आपस में नहीं फिराकपरस्त ताकतों से लड़ने का है।
सोमवार देर शाम हरिद्वार पहुंचे हरीश रावत और किशोर उपाध्याय ने सतपाल ब्रह्मचारी से वार्ता की। इस दौरान सतपाल समर्थकों ने ब्रह्मस्वरूप ब्रह्मचारी को प्रत्याशी बनाए जाने का विरोध करते हुए सतपाल ब्रह्मचारी को ही टिकट देने की मांग उठाई। करीब दस मिनट तक सतपाल के समर्थक नारेबाजी करते रहे। इस पर सतपाल आगे आए और समर्थकों को अपनी इज्जत का हवाला देते हुए शांत किया। हंगामा शांत होने के बाद हरीश रावत ने
कार्यकर्ताओं को भावनात्मक रूप से कुरेदना शुरू किया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता एकजुट होकर काम करें।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमला बोलते हुए कहा कि पहले से ही मोदी उत्तराखंड को कांग्रेस मुक्त करने का दावा कर रहे है, ऐसे में अपने प्रत्याशी का विरोध करोगे तो कैसे फतह होगी।
प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्याय ने कहा कि सीएम हरीश रावत ने बहुत सोच समझकर प्रत्याशी मैदान में उतारे हैं, जिनका सभी को सहयोग करना होगा। हरिद्वार नगर सीट के प्रत्याशी ब्रह्मस्वरूप ने कहा कि जनता के इस विश्वास को ठेस नहीं पहुंचने देंगे। इस मौके पर पूर्व विधायक अम्बरीष कुमार, संजय पालीवाल, अरविंद शर्मा, मनोज जैन, राव आफाक अली, पुरुषोत्तम शर्मा आदि मौजूद थे।