शुक्रवार की शाम को बादलों की तेज गर्जना के साथ हुई बारिश और ओलावृष्टि से फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है। बारिश के बाद अधिकतम तापमान 16 डिग्री दर्ज किया।
पिछले दो दिनों से मौसम का मिजाज बिगड़ा हुआ था। बृहस्पतिवार को पूरे दिन हवा और बूंदाबांदी ने परेशान किया। शुक्रवार को दोपहर तक तो मौसम ठीक रहा, लेकिन शाम होते ही बिगड़ गया। आसमान में अचानक काले बादल छा गए। तेज गर्जना के साथ बारिश शुरू हुई। शहर और देहात में कई जगह भारी ओले गिरे। ओले गिरने से गेहूं, मसूर, मटर और टमाटर की फसल को नुकसान पहुंचा है। कोटा मुरादनगर के रामनरेश सैनी, इसरार अहमद ने बताया कि गेहूं की फसल तैयार है और इस समय में जमीन पर गिरी फसल में दाना नहीं बनता और यदि बन भी जाता है तो दाना काला पड़ जाता है। गेहूं के साथ फलों और सब्जी की फसल को भी ओलों ने चौपट कर दिया। धनौरी क्षेत्र के गांव हजाराग्रंट के हसन सलमानी ने बताया कि सब्जी की फसल को नुकसान पहुंचा है।