सिडकुल पुलिस की गिरफ्त में चोरी का आरोपी ।
- फोटो : HARIDWAR
कंपनी से एजी सिल्ट (चांदी) चुराने वाले वेल्डर को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से 15 लाख 13 हजार रुपये की एजी सिल्ट बरामद हुई है।
सिडकुल थाना प्रभारी प्रमोद उनियाल के मुताबिक सीएस इलेक्ट्रिक कंपनी की एमसीबी डिवीजन के सीनियर सिक्योरिटी अफसर जितेंद्र सिंह ने पुलिस को बताया कि 20 जनवरी को रात 12 से सुबह नौ बजे के बीच स्टोर की अलमारी में रखी हुई 37 किलो एजी सिल्ट (चांदी) चोरी हो गई। कंपनी के सिक्योरिटी स्टाफ ने अपने स्तर पर जांच की। जांच के दौरान पता चला कि मेंटेनेंस में तैनात वेल्डर नितिन ने एजी सिल्ट चोरी की है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की तो नितिन निवासी गांव अमीनगर तितावी मुजफ्फरनगर हाल निवासी वीआईपी कालोनी काली मंदिर बहादराबाद को एबीपी चौक सिडकुल से चोरी किए गए 24 किलो 192 ग्राम एजी सिल्ट कीमत 15 लाख 13 हजार रुपये के साथ गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी प्रमोद उनियाल ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेजा गया है।