कस्बे में सप्ताह में तीन दिन अलग-अलग स्थानों पर लगते हैं पीठ बाजार
संवाद न्यूज एजेंसी
बहादराबाद। कस्बे में लगने वाली साप्ताहिक पीठ बाजार छोटे किसानों के लिए कमाई का अच्छा जरिया बन रहे हैं। मंगलवार, बृहस्पतिवार और रविवार को अलग-अलग स्थानों पर लगने वाले पीठ बाजार में किसान अपनी खेतों में उगाई सब्जियां और फल सीधे ग्राहकों को बेच रहे हैं। इससे किसानों को अपनी उपज का उचित दाम मिल रहा है। वहीं, स्थानीय लोगों को भी गांव में ही ताजी सब्जियां और रोजमर्रा की जरूरत का सामान उपलब्ध हो रहा है।
करीब एक दशक पहले तक सब्जी उत्पादक छोटे किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए ज्वालापुर मंडी जाना पड़ता था। इसमें उनका काफी समय और किराया खर्च होता था। अब स्थानीय स्तर पर पीठ बाजार लगने से किसानों को घर के नजदीक ही बाजार मिल गया है। स्थानीय निवासी राहुल, सूरज, रामपाल, जंगी और रामफल का कहना है कि पहले सब्जियां बेचने के लिए ज्वालापुर मंडी जाना पड़ता था। अब सप्ताह में तीन दिन लगने वाली पैंठ में ही अच्छी बिक्री हो जाती है।