वीकेंड पर धर्मनगरी में यात्रियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी, जिससे हाईवे के साथ ही शहर के अंदर भी भीषण जाम लग गया। यातायात का दबाव बढ़ता देख पुलिस ने रुड़की और हरिद्वार में रूट डायवर्ट कर दिया। हालांकि इससे भी ज्यादा रहात नहीं मिल सकी। दिनभर जाम की समस्या से वाहन सवारों के साथ स्थानीय लोगों को परेशानी झेलनी पड़ी। जबकि शहर की सभी पार्किंग वाहनों से खचाखच भर गई।
दरअसल शुक्रवार की रात से ही पश्चिम उत्तर प्रदेश, दिल्ली एनसीआर, हरियाणा, चंडीगढ़ के लोग हरिद्वार घूमने और गंगा दर्शन के लिए रवाना शुरू हो जाते हैं। ऐसे में शनिवार तड़के से हाईवे के साथ ही शहर में वाहनों का दबाव बढ़ने लगा था। देर रात तक वाहनों के आने का सिलसिला लगा रहा। ऐसे में दिनभर वाहन रेंग-रेंगकर चलते रहे।
पुलिस-प्रशासन ने व्यवस्था संभालने के लिए जगह-जगह पुलिसकर्मियों को तैनात किया। इसके अलावा रुड़की में नगला इमरती से वाहनों को डायवर्ट कर हरिद्वार की तरफ भेजा गया। जबकि देहरादून, ऋषिकेश से आने वाले वाहनों को सप्तऋषि से गीता कुटीर की ओर से भेजा गया। गुरुकुल कांगड़ी के पास फ्लाईओवर से भेजते हुए सिंहद्वार से बैरागी कैंप में वाहनों को भेजा गया।
जाम से बेहाल रहे लोग
डायवर्जन के बाद भी सिंहद्वार से लेकर चंडी चौक और दूधाधारी चौक तक भारी जाम लगा रहा। सबसे ज्यादा परेशानी निर्माणाधीन फ्लाईओवर के चलते भूपतवाला में दूधाधारी चौक के आसपास हुई। जबकि शहर के अंदर रेलवे रोड पर भी जाम से लोग बेहाल रहे। वाल्मीकि चौक से बिरला पुल, चंडी चौक तक पहुंचने में भी परेशानी हुई।
यहां भी लगा जाम, लोग हुए परेशान
अधिकांश यात्री हरिलोक तिराहे से अंदर होकर ज्वालापुर में पहुंच गए। जिससे कोतवाली रोड पर जाम की समस्या बन गई। ऐसे में यहां दोपहर तक स्थिति बेहाल रही। पुलिसकर्मी जटवाड़ा पुल से लेकर कोतवाली रोड तक जाम को खुलवाने में लगे रहे। जबकि कुछ वाहन सवार नहर पटरी की तरफ से भी पहुंचते रहे।
वीकेंड पर भीड़ उमड़ने से यातायात का दबाव बढ़ रहा है। जिससे जाम की समस्या भी खड़ी हो रही है। पर्याप्त संख्या में पुलिसकर्मी जगह-जगह तैनात हैं और व्यवस्था दुरुस्त करवाने में जुटे हुए हैं। उच्चाधिकारी भी पूरी मॉनिटरिंग कर रहे हैं।
- राकेश रावत, सीओ यातायात