शांतरशाह चौकी क्षेत्र में हरिद्वार-रुड़की रोड पर स्थित नदी से एक युवती का शव बरामद हुआ है। युवती की हत्या के बाद हाथ-पैर बांधकर शव को कट्टे में रखकर नदी में फेंका गया था। युवती के गले पर रस्सी के निशान मिले हैं, जबकि शरीर पर भी कई जगह चोटें हैं।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फाॅरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं। अभी शव की शिनाख्त नहीं हो पाई है। युवती की उम्र 20 से 25 वर्ष के बीच है। एसएसपी अजय सिंह ने टीम को जांच कर खुलासे के निर्देश दिए हैं। पुलिस प्रेम प्रसंग, ऑनर किलिंग और दुष्कर्म सहित कई बिंदुओं पर जांच कर रही है।
जानकारी के मुताबिक शनिवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे हरिद्वार-रुड़की रोड पर पतंजलि योगपीठ पीठ से ठीक पहले बने पुल के नीचे से भैंसा बुग्गी लेकर जा रहे व्यक्ति की नजर नदी किनारे पड़े कट्टे पर पड़ी। कट्टे में युवती के पैर नजर आ रहे थे। उसने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। जिस पर सीओ ज्वालापुर निहारिका सेमवाल, थाना प्रभारी अनिल चौहान, शांतरशाह चौकी प्रभारी हेमदत्त भारद्वाज, बाजार कस्बा चौकी प्रभारी अशोक सिरस्वाल टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लिया। पुलिस ने मौके पर जांच कर शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में भिजवा दिया
सीओ निहारिका सेमवाल ने बताया कि युवती के हाथ-पैर बंधे हुए थे और गले पर रस्सी के निशान और शरीर पर चोटों के निशान मिले है। हालांकि अभी उसकी पहचान नहीं हो सकी है। मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है। प्रथमदृष्टया युवती से मारपीट के बाद हत्या कर शव को फेंका गया है।
रात में हत्या कर फेंका गया शव
संभावना जताई जा रही है कि शुक्रवार की रात में युवती की हत्या करने के बाद शव को कट्टे में डाला गया। फिर किसी वाहन के जरिये यहां लाकर पुल के नीचे नदी में फेंका गया है। जहां शव मिला उसके पास ही एक फक्कड़ बाबा भी बैठा रहता है, लेकिन उसे भी इसकी कोई भनक नहीं लग पाई।
लापता युवतियों के बारे में जुटा रहे जानकारी
पुलिस ने युवती की पहचान कराने के लिए उसके शव की फोटो और जानकारी सोशल मीडिया के अलग-अलग ग्रुपों में शेयर की है। जबकि सभी थाना-कोतवाली में भी फोटो भेजी गई है। पुलिस लापता युवतियों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है ताकि यह पता चल सके कि आसपास के किसी इलाके से कोई युवती लापता तो नहीं है।
कई-बिंदुओं पर चल रही जांच
पुलिस का कहना है कि हर पहलू पर मामले की जांच की जा रही है। यह भी पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि कहीं प्रेम-प्रसंग के चलते तो हत्या नहीं की गई। इसके अलावा ऑनर किलिंग और गलत काम करने के बाद हत्या के एंगल से भी जांच की जा रही है।
घटनास्थल के आसपास सीसीटीवी कैमरे भी नहीं
जिस जगह नदी में शव को फेंका गया है वह इलाका सुनसान है। इस इलाके के आसपास हाईवे पर कोई सीसीटीवी कैमरा भी नहीं है। हालांकि कुछ दूरी पर कई बड़े होटल व बड़े संस्थान बने हुए हैं। ऐसे में पुलिस इन स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।