दो दिन से पहाड़ों में हो रही लगातार बारिश से शुक्रवार सुबह गंगा का जलस्तर खतरे के निशान को छू गया। लेकिन, शाम तक जलस्तर एक मीटर घटने से लोगों ने राहत की सांस ली। लेकिन, जिला प्रशासन ने सतर्कता बरतते हुए गंगा के तटीय क्षेत्रों में हाई अलर्ट जारी कर दिया है।
गंगा में भारी सिल्ट आने से गंगनहर अनिश्चितकाल के लिए बंद कर दी गई है। भीमगोडा बैराज पर सुबह दस बजे दो लाख आठ हजार 925 क्यूसेक पानी दर्ज किया गया। खतरे के निशान (294 मीटर) से मात्र 30 सेंटीमीटर नीचे (293.70 मीटर ) पानी होने से तटीय इलाकों में अफरा-तफरी मच गई।
इसे देखते ही प्रशासन ने गंगा क्षेत्र में हाईअलर्ट जारी कर दिया। गांवों में मुनादी कराकर सभी लोगों को सावधान रहने को कहा गया। दोपहर तक जलस्तर एक समान बना रहा। लेकिन, दोपहर एक बजे के बाद जलस्तर घटकर 293.50 मीटर पहुंच गया। शाम छह बजे जलस्तर 292.85 मीटर रिकार्ड किया गया।
सिंचाई विभाग के एसडीओ एमके सिंह ने बताया कि गंगा में सिल्ट आने से गंगनहर बंद कर दी है। एसडीएम बीर सिंह बुदियाल ने बताया कि तटीय इलाकों में हाईअलर्ट जारी कर दिया है।