हरिद्वार। गुजरात के एक ठग ने खुद को कस्टम अफसर बताकर गुजरात के ही एक मां-बेटे को चारधाम यात्रा के दौरान 40 हजार रुपये की चपत लगा दी। इसके अलावा उसने जयपुर से भाड़े पर ली गई एक टैक्सी का बिल भी नहीं चुकाया और फरार हो गया।
ठगे गए मां-बेटे एवं टैक्सी चालक ने अब पुलिस से ठग की गिरफ्तारी करने की मांग की है। गुजरात के बोटा तालुका जिला पावनगर का रहने वाले किसान मुन्ना भाई के मुताबिक सात मई को बिरला गंगा घाट पर स्नान करते वक्त उनकी मुलाकात एक व्यक्ति से हुई। उसने खुद को कस्टम आफीसर बताया और कहा कि वह गुजरात के अहमदाबाद का रहने वाला है तथा उसका नाम पुनीत वीरावल है। गुजराती में बातचीत करते हुए उसने मां-बेटे का विश्वास जीत लिया। बातचीत में ही उसने बताया कि वह चारधाम यात्रा पर जा रहा है। वे अगर चाहें तो उसके साथ चल सकते हैं। गुजराती होने पर विश्वास कर मां बेटे उसके साथ हो लिए। मां-बेटे ने बताया कि चारधाम यात्रा के बाद वे नेपाल के काठमांडू में पशुपति नाथ मंदिर में दर्शन करना चाहते हैं। यह बात जानकर ठग ने हवाई जहाज का टिकट बुक कराने के नाम पर मां-बेटे से चालीस 40 हजार रुपये ले लिए। सोमवार को जब वे यात्रा से लौटकर आए तब दो मिनट में आने की बात कहकर ठग गायब हो गया। हक्के बक्के रह गए मां बेटे ने जब कार चालक ओमप्रकाश निवासी गोकुलापुरम, कवलर रोड जोतवाडा राजस्थान को पकड़ा तो उसने बताया कि ठग जयपुर से उसकी टैक्सी बुक कर लाया था। अब तक उसने केवल डीजल के खर्चे के अलावा एक पाई तक नहीं दी। उसका अब तक का किराया भी करीब चालीस हजार ही है। कोतवाली प्रभारी महेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि मामले की जांच कर रहे हैं।