- 24 घंटे में 15-16 घंटे ही मिल रही बिजली, रोजमर्रा के काम प्रभावित
संवाद न्यूज एजेंसी
पथरी। क्षेत्र में लगातार हो रही बिजली ट्रिपिंग और अघोषित कटौती से ग्रामीण परेशान हैं। कई-कई घंटे बिजली गुल रहने से जहां पेयजल संकट खड़ा हो रहा है, वहीं लोगों के रोजमर्रा के काम भी प्रभावित हो रहे हैं। भट्टीपुर स्थित बिजलीघर से जुड़े गांवों में बिजली आपूर्ति व्यवस्था को लेकर ग्रामीणों में रोष है।
नसीरपुर कलां, शाहपुर शीतलाखेड़ा, शेरपुर, बादशाहपुर, भट्टीपुर, भोवापुर चमरावल, नई कुंडी, हरसीवाला, धारीवाला, टिकोला और रानीमाजरा समेत कई गांवों के ग्रामीण बिजली कटौती से प्रभावित हैं। ग्रामीण मोहन सिंह, राजकुमार, देशराज सैनी और विनोद कुमार का कहना है कि बिजली आने-जाने का कोई निर्धारित समय नहीं है।
दिन में कई बार ट्रिपिंग के साथ घंटों बिजली कटौती की जा रही है। 24 घंटे में करीब 15 से 16 घंटे ही बिजली आपूर्ति हो पा रही है। इससे घरेलू कामकाज के साथ ही दुकानदारों और अन्य लोगों को भी परेशानी उठानी पड़ रही है। बताया कि बार-बार बिजली गुल होने से पानी की मोटर नहीं चल पा रही हैं। ऐसे में लोगों को पीने के पानी के लिए भी परेशान होना पड़ रहा है। ऊर्जा निगम की एसडीओ गिन्नी रानी ने बताया कि क्षेत्र में बिजली कटौती कंट्रोल रूम से की जा रही है।